Skip to main content

 !! सपनों का मर जाना कैसा !!

जो सपने हों सब अपने हों , सपनों का मर जाना कैसा
सपने बस सपने होते हैं , ऐसा कोई बहाना कैसा !!
करें कल्पना हम सपने में , मूर्त रूप देने को तत्पर
आगे बढ़ते ही जाना है , कांटे कितने भी हों पथ पर
सफल वही होते जीवन में , सतत परिश्रम जो करते हैं
अवरोधों के पार छलांगें , उनसे आँख चुराना कैसा
जो सपने हों सब अपने हों , सपनों का मर जाना कैसा
सदियों से ये होता आया , जिसने सोचा उसने पाया
जिसके लक्ष्य रहे धूमिल से , जीवन में वो ही पछताया
एक बार जो ठान लिया बस , उसको पूरा ही करना है
विजयी रेखा को छूना है , पहले ही रुक जाना कैसा
जो सपने हों सब अपने हों , सपनों का मर जाना कैसा
रोक नहीं सकता कोई अब , चाहे कितना जोर लगा ले
प्रतिपल बस आगे चलना है , देख नहीं पैरों के छाले
जिसके सपने देख रहा तू , वो मंजिल अब दूर नहीं है
गिरना तो चलने का हिस्सा , गिरने से डर जाना कैसा
जो सपने हों सब अपने हों , सपनों का मर जाना कैसा
जीवन के संघर्षों से , अक्सर हम घबरा जाते हैं
और सामने देख मुसीबत , अक्सर हम चकरा जाते हैं
मन जितना ही धवल रहेगा , जीवन उतना सरल रहेगा
जीवन का पथ सीधा साधा , उसको फिर उलझाना कैसा
जो सपने हों सब अपने हों , सपनों का मर जाना कैसा
कुछ सपने जो टूट गए तो , अन्धकार छाया क्यों मन में
आशा की किरणें समेट फिर , उजियारा आये जीवन में
फिर नवीन सपनों के अंकुर , अंतर्मन से उग आयेंगे
जीवन तो बहता दरिया है , उसका फिर थम जाना कैसा
जो सपने हों सब अपने हों , सपनों का मर जाना कैसा
जो सपने हों सब अपने हों , सपनों का मर जाना कैसा
सपने बस सपने होते हैं , ऐसा कोई बहाना कैसा !!
- डॉ . प्रदीप शुक्ल
13.11.2013

Comments

Popular posts from this blog

  !! अरविन्द - नामा !! आओ अरविन्द केज़रीवाल को आंकते हैं ! पहले थोड़ा पीछे झांकते हैं !! ( 1 ) बात करते हैं पिछले साल की वही शुरूआती जन लोकपाल की एक नया चेहरा टी वी पर अक्सर आने लगा धीरे धीरे प्राइम टाइम पर छाने लगा कुछ तो मीडिया के बुद्धिजीवी प्रभावित कुछ टी आर पी का चक्कर बन्दा खड़ा रहा डटकर मामूली सा इंसान चौखाने की शर्ट पैंट से बाहर लटकती हुई दो सौ रुपये वाला चश्मे का फ्रेम पचास किलो का चवन्नी छाप आदमी मीडिया की तवज्जो से मठाधीश बौखला गए वो कुछ भी कहता लोग पूछते तुम कौन ? वह बोलता - आम आदमी तो ?? तो क्या तुम हमसे सवाल करोगे ? गन्दी नाली के कीड़े ( गटर स्नाइप्स ) हिम्मत है तो चुनाव लड़ो एक करोड़ तो चुनाव प्रचार में ही लगते हैं दारु शारू , दुनिया भर का ऊपर से खर्चा दस करोड़ !! है औकात तुम्हारी उसके बाद विधायक खरीदने / बचाने का पैसा अलग कुछ पता भी है तुम्हे चले आये मुह उठा कर जी हम भी चुनाव लड़ेंगे जाओ चुनाव जीतना फिर बताना ( 2 ) चुनाव जीत गए तो कौन सा तीर मार लिया पिछले तिरसठ सालों से हम ने न जाने कितने चुनाव जीते हैं कितनी सरकारें चलायीं / गिरायीं अब तुम चला...
चिल्ड्रेन्स हॉस्पिटल : कुछ नोट्स ( 2 ) " साढ़े नौ का टाइम लिखा रखा है, दस बजने वाले हैं अभी तक डॉ नहीं बैठे हैं. क्या तमाशा बना रखा है," शगुन के पापा गुस्से में रिसेप्शनिष्ट लड़की को हडकाए जा रहे हैं. भैया, आने वाले हैं बस डॉ, तब तक आप बच्चे को पानी से स्पंज करा दीजिए. सिस्टर जी बच्चे का बुखार नाप कर स्पन्जिंग करवाइए, गुनगुने पानी से. शगुन की मम्मी शगुन के माथे पर पट्टियां तो रख सकती हैं परन्तु बुखार में बच्चे को नहलाना ... न बाबा न. निमोनिया जकड़ लेगी सीने को. इनका बच्चा तो है नहीं, जो मन में आया बोल दिया. मम्मी जी धीरे धीरे भुनभुना रही हैं. चादर से और लपेट दिया बच्चे को. " डॉ साब साढ़े दस बजे आएंगे " रिसेप्शनिष्ट ने फोन रखते हुए चिल्लाकर कहा. ताकि सभी सुन ले. अभी वो बाहर गए हुए हैं. चलो कहीं और दिखा लेते हैं, डॉ तो अभी यहाँ आए नहीं. पिता जी के प्रस्ताव को माता जी ने धीरे से ठुकरा दिया, " नहीं. शगुन की दवा इन्ही डॉ की सूट करती है." मैं तो बच्चों का हॉस्पिटल हूँ, मुझे यह बात पता है कि रिसेप्शनिष्ट झूठ बोल रही है. डॉ, मेरे कैम्पस में घर पर ही ...
  सूरज बेटा सुबह सबेरे बिस्तर से जब सूरज उतरा मंजन कर फिर उसने थोड़ा कुहरा कुतरा उत्तर को चल पड़ा बदल दीं अपनी राहें धरती अम्मा ने फैला दी दोनों बाहें अम्मा बोलीं-बेटा, खिचड़ी खा कर जाना लेकिन उसके पहले तुमको पड़े नहाना सूरज भागा फिर से कर के वही बहाना मम्मा मुझको छत पर अभी पतंग उड़ाना - प्रदीप कुमार शुक्ल ( 2021 )