Skip to main content
पुराने साल की फेयरवेल पार्टी
-------------------------------
पुराने साल की विदाई, मतलब धूम धड़ाका, संगीत और खाना l तो साहबान हम लोग भी डीजल रथों में सवार कच्चे रास्ते पर धूम धडाम करते यानी गड्ढों में गिरते पड़ते पहुँच गए, पुराने वर्ष को विदा करने l
पुराना साल बेचारा आख़िरी साँसें ले रहा था l हमारे पहुँचते ही कदम के पेंड़ का सहारा लेकर खडा हो गया l मरियल सी आवाज़ में बोला, अब आ ही गए हो तो कुछ खा पी कर जाना l
हमने उसकी बात नहीं टाली l पहले भुने हुए आलू पर हाँथ साफ़ किये फिर शकरकंद पर l शकरकंद खाने के बाद गाजर कुछ कम मीठे लगे लेकिन हमने इस बात का बहुत बुरा नहीं माना l गाजर ने भी नहीं माना होगा, ऐसा मेरा अनुमान भर है l हाँ इसके पीछे - पीछे आई मूली ज़रा सा गैरमामूली बर्ताव करते हुए जबान को कुछ तीखा सा जवाब दे गई l हमने भी उधर ज्यादा ध्यान न देते हुए फिर से गाजर पर थोड़ा ध्यान दिया l फिर मटर महारानी ने तो मूली के बारे में सोचने का मौक़ा तक नहीं दिया l
अभी यह सिलसिला चल ही रहा था कि पम्प से गिरते हुए पानी के संगीत ने अपनी तरफ ध्यान खींचा l टिटिहरी ने उसमे जोरदार संगत की और मोरों ने समवेत स्वर में पंचम सुर साधा l तभी हमारे साथ गए मनुष्यों को भी गवास चढ़ी और कुछ सुरे और कुछ बेसुरे गीत हवा में उछले l
इन सबके बीच पेड़ों, पौधों, फूलों और वहाँ फैली प्रकृति की सच्ची मुस्कुराहटों के साथ अपनी - अपनी नकली मुस्कुराहटें हम सबने कैमरे में बंद कीं l चोखा बाटी तब तक तैयार हो चुका था l सबने उसको एक सुर में तारीफ़ करते हुए उदरस्थ किया, गुड़ खाया l
गोयाकि अब करने को कुछ बाक़ी था नहीं, सो पुराने साल से हम सब ने भावभीनी विदाई ली l बेचारा बड़ा हैरान परेशान होकर हमे देखता रहा, पर भलेमानस ने एक बार भी नहीं कहा कि भैया हमको तो बारह बजे काल बाबा ले जाएंगे l हम मनुष्य रुपी प्राणियों को तो याद था लेकिन किसी पट्ठे ने जबान खोल कर नहीं दी l
पुराने साल की अंतिम विदाई का काम हम लोगों ने मोर भाईसाब, मोरनी मैडम को और उनका हाँथ बटाने के लिए उल्लू और सियार जी को सौंप दिया l बस, फिर क्या, हम वहाँ से खरामा खरामा निकल लिए l
- प्रदीप शुक्ल

Comments

Popular posts from this blog

  !! अरविन्द - नामा !! आओ अरविन्द केज़रीवाल को आंकते हैं ! पहले थोड़ा पीछे झांकते हैं !! ( 1 ) बात करते हैं पिछले साल की वही शुरूआती जन लोकपाल की एक नया चेहरा टी वी पर अक्सर आने लगा धीरे धीरे प्राइम टाइम पर छाने लगा कुछ तो मीडिया के बुद्धिजीवी प्रभावित कुछ टी आर पी का चक्कर बन्दा खड़ा रहा डटकर मामूली सा इंसान चौखाने की शर्ट पैंट से बाहर लटकती हुई दो सौ रुपये वाला चश्मे का फ्रेम पचास किलो का चवन्नी छाप आदमी मीडिया की तवज्जो से मठाधीश बौखला गए वो कुछ भी कहता लोग पूछते तुम कौन ? वह बोलता - आम आदमी तो ?? तो क्या तुम हमसे सवाल करोगे ? गन्दी नाली के कीड़े ( गटर स्नाइप्स ) हिम्मत है तो चुनाव लड़ो एक करोड़ तो चुनाव प्रचार में ही लगते हैं दारु शारू , दुनिया भर का ऊपर से खर्चा दस करोड़ !! है औकात तुम्हारी उसके बाद विधायक खरीदने / बचाने का पैसा अलग कुछ पता भी है तुम्हे चले आये मुह उठा कर जी हम भी चुनाव लड़ेंगे जाओ चुनाव जीतना फिर बताना ( 2 ) चुनाव जीत गए तो कौन सा तीर मार लिया पिछले तिरसठ सालों से हम ने न जाने कितने चुनाव जीते हैं कितनी सरकारें चलायीं / गिरायीं अब तुम चला...
चिल्ड्रेन्स हॉस्पिटल : कुछ नोट्स ( 2 ) " साढ़े नौ का टाइम लिखा रखा है, दस बजने वाले हैं अभी तक डॉ नहीं बैठे हैं. क्या तमाशा बना रखा है," शगुन के पापा गुस्से में रिसेप्शनिष्ट लड़की को हडकाए जा रहे हैं. भैया, आने वाले हैं बस डॉ, तब तक आप बच्चे को पानी से स्पंज करा दीजिए. सिस्टर जी बच्चे का बुखार नाप कर स्पन्जिंग करवाइए, गुनगुने पानी से. शगुन की मम्मी शगुन के माथे पर पट्टियां तो रख सकती हैं परन्तु बुखार में बच्चे को नहलाना ... न बाबा न. निमोनिया जकड़ लेगी सीने को. इनका बच्चा तो है नहीं, जो मन में आया बोल दिया. मम्मी जी धीरे धीरे भुनभुना रही हैं. चादर से और लपेट दिया बच्चे को. " डॉ साब साढ़े दस बजे आएंगे " रिसेप्शनिष्ट ने फोन रखते हुए चिल्लाकर कहा. ताकि सभी सुन ले. अभी वो बाहर गए हुए हैं. चलो कहीं और दिखा लेते हैं, डॉ तो अभी यहाँ आए नहीं. पिता जी के प्रस्ताव को माता जी ने धीरे से ठुकरा दिया, " नहीं. शगुन की दवा इन्ही डॉ की सूट करती है." मैं तो बच्चों का हॉस्पिटल हूँ, मुझे यह बात पता है कि रिसेप्शनिष्ट झूठ बोल रही है. डॉ, मेरे कैम्पस में घर पर ही ...
  सूरज बेटा सुबह सबेरे बिस्तर से जब सूरज उतरा मंजन कर फिर उसने थोड़ा कुहरा कुतरा उत्तर को चल पड़ा बदल दीं अपनी राहें धरती अम्मा ने फैला दी दोनों बाहें अम्मा बोलीं-बेटा, खिचड़ी खा कर जाना लेकिन उसके पहले तुमको पड़े नहाना सूरज भागा फिर से कर के वही बहाना मम्मा मुझको छत पर अभी पतंग उड़ाना - प्रदीप कुमार शुक्ल ( 2021 )