Skip to main content
#1
पिताजी की उम्र पचासी पार है। यह बात वह रोज सबको बताते हैं लेकिन खुद को अट्ठावन से ज्यादा नहीं समझते। उनकी ऊर्जा को देखते हुए मुझे वह कभी-कभी अट्ठारह से ज्यादा के नहीं लगते हैं। अच्छा खैर!
' अच्छा खैर! ' उनका तकिया कलाम है। मतलब क्षेपकों को विराम देते हुए मुख्य कहानी पर फिर से आया जाय।
अच्छा खैर !
वह कल गाँव गए थे, सो पूरा किस्सा उनको बताना है, सिलसिलेवार। सुबह मॉर्निंग वाक के लिए निकलते हुए जब मैंने खुद को घिरता हुआ महसूस किया तो इस वादे के साथ भाग खड़ा हुआ कि बस अभी लौट कर आया। हालांकि वह चाह रहे थे कि संक्षिप्त संस्करण अभी ही सुन लिया जाये।
लौटते ही मैं अखबार लेकर बैठ गया और आख्यान चालू आहे। अखबार भला कैसे पढ़ता, मैं तो पिताजी के साथ गाँव चला गया था। जिस यात्रा मे उन्हे कल दस घंटे लगे वह उन्होने मुझे घर बैठे चालीस मिनट मे करवा दी।
अच्छा खैर, आप लोग उनकी यात्रा मे सम्मीलित होना चाहें तो आराम से दिमाग को सुस्ताने के लिए निकाल कर मेज पर रख लीजिये और आंखे बंद कर हुंकारी भरते रहिए।
जारी.....
[ चेतावनी : यह कोई जबर्दस्त घटनाओं से लैस मजेदार किस्सा नहीं है, केवल एक खाली आदमी के दिनचर्या का आख्यान है। आप बेहद बोर भी हो सकते हैं। ]

#2
बचपन मे जब हम भाई लोग अकेले या भाई-भाई किसी रिश्तेदार के घर जाते थे, जहां पिताजी साथ नहीं होते तो हमे लौटकर पूरा यात्रा वृतांत विधिवत ऐसे ही सुनाना होता।
वहाँ यह कह देने से काम नहीं चलता कि हम गए और फलाने-फलाने मिले, नाश्ता पानी किया ये मुख्य बातें हुईं, बस हम लौट आए। नहीं हमे शुरू करना होता कि जब हम घर से निकले तो क्या समय रहा होगा, स्टेशन तक कैसे पहुंचे, गाड़ी किस प्लेटफार्म पर आई, रास्ते मे कुछ खाया-पिया कि नहीं, वहाँ उतरकर फिर उनके घर कैसे पहुंचे, घर मे सबसे पहले कौन मिला? यहाँ तक कि उसने क्या कपड़े पहन रखे थे? ....
हमारे बाबाजी ( दादाजी ) भी शाम को पिताजी के ड्यूटी से लौटकर घर पहुँचते ही पूरी तन्मयता से पूरे दिन की विशद दिनचर्या वर्णित करते थे।
बात यहाँ से शुरू करते, भैया तुम्हारे लड़के कुछ नहीं सुनते मेरी। जो जरा सा कह दो, रामू, वह ज़ोर से चिग्घाड़ेगा, दिन भर बस रामू - रामू ही चिल्लाना, किसी और को काम मत बताना। अब रामू कहना थोड़ा आसान लगता है, तो उसी का नाम जबान से निकलता है। भूले से भी अगर मैं कह दूँ, बेटा मेरी उंगली कट गयी है, जरा सा उस पार मूत दो, तो बस, जैसे डाल पर से गिर पड़ेगा। अरे, अभी तो हम मूत कर आए हैं अब हम फिर मूतें। और फलाने से मूतने के लिए काहे नहीं कह रहे?
भैया हम बहुत परेशान हैं तुम्हारे लड़कों से......
लो, बात कहाँ तो पिताजी की हो रही थी, होने लगी उनके पिताजी की। आखिर बेसार तो वही है ना यहाँ भी।
अच्छा खैर
पिताजी को वैसे तो जाना होता है गाँव की तरफ एक तारीख को। चाहे पानी बरसे चाहे ओले पड़ें। उनकी पेंशन का पैसा कुछ घंटों से ज्यादा पोस्ट ऑफिस मे रुक नहीं सकता। अब पिताजी पेंशन लेने गाँव क्यों जाते हैं जबकि शहर मे हमारे घर के बिलकुल बगल मे ही पोस्ट ऑफिस है। इसके पीछे भी एक कहानी है।
मुझे लगता है मुख्य कहानी के शुरू होने से पहले मैं ही आप लोगों को इतना बोर कर दूंगा कि पिताजी को अपना किस्सा शुरू करने की अवश्यकता ही नहीं पड़ेगी।
लेकिन दोस्तों, यह क्षेपक तो मैं सुनाऊँगा ही। बिना सुनाये आगे कैसे बढ़ेंगे। आखिर पिताजी का बेटा हूँ, सुना नहीं सकता तो क्या लिख भी नहीं सकता।
जारी ....

#3
हाँ तो पिताजी अपनी पेंशन लेने गाँव के पास एक कस्बे मे जाते हैं। जबकि चाहें तो यहीं शहर मे अपने घर के बगल वाले पोस्ट ऑफिस से ले सकते हैं। आपकी तरह मैंने भी जानना चाहा। तो उसका कारण यह है कि शहर मे रहते हुए सरकार आपको मेडिकल सुविधा देती है। डॉक्टर और दवाएं मुफ्त उपलब्ध कराती है। पर यदि आप ग्रामीण क्षेत्र मे रहते हैं तो उसकी जगह आपको सरकार पाँच सौ रुपये अलग से मेडिकल भत्ता देती है। भले उसको लाने के लिए पाँच सौ रुपये गाड़ी, पेट्रोल, ड्राईवर मे खर्च हो जाएँ। अब चूंकि ये खर्चे सीधे उनकी जेब से नहीं होते तो इसके बारे मे उन्हे कोई ध्यान देने की जरूरत महसूस नहीं होती।
पिताजी को जितना झूठ, चालाकी और बेईमानी से नफरत है, पैसे से उतना ही प्यार करते हैं। पैसों खासकर नकद पैसों के लिए उनके दिल मे विशेष स्थान है। उनको कितनी पेंशन मिलती है यह हम क्या हमारी अम्मा भी नहीं जानतीं। उधर पोस्ट ऑफिस से पैसे आए नहीं कि इधर बैंक मे जमा। पानी वानी वे बाद मे पीते हैं।
अभी एक दिन कुछ रुपये यहीं अस्पताल मे काम करने वाले अपने भांजे को दिये दोपहर मे, बैंक मे जमा करने के लिए। सर्वर डाउन होने के कारण उस दिन पैसे नहीं जमा किए जा सके। शाम को जब रशीद तलब हुई तो यह बात उन्हे पता चली। भांजे ने कहा, मामा यहीं ड्राअर मे पैसे रख देता हूँ। कल जमा कर दूंगा। पिताजी ठीक है, कह कर आ तो गए पर मन उनका उन्ही पैसों पर अटक कर रह गया। खाना खा कर काफी देर बिस्तर पर लेटे रहे पर नींद कहाँ आने वाली थी। आखिरकार उठ कर अस्पताल की तरफ आए तब तक भांजा जा चुका था। उन्होने उसे फोन किया। अरे तुम कहाँ पहुंचे? बस मामा रास्ते मे हूँ घर जा रहा हूँ। नहीं, लौट आओ यार अभी तुम से काम है, व्यग्रता से पिताजी बोले। बेचारा वह आधे रास्ते से लौट आया।
उसके आते ही पिताजी बोले, दोस्त वो पैसे मुझे दे दो, मुझे नींद नहीं आ रही है। कहीं तुमसे खो गए तो तुम्हारे ऊपर मैं कुछ सख्ती भी नहीं कर पाऊँगा। तुम तो कह दोगे, मामा खो गए।
फिर जाकर कहीं आराम से पिताजी उस दिन सो पाये।
अच्छा खैर, इस एक तारीख को वह लखनऊ मे न होने के कारण अपनी पेंशन न ला सके। अगले दिन शनिवार फिर रविवार गुजरा और सोमवार को तो उन्हे जाना ही था।
ड्राईवर के साथ वह पोस्ट ऑफिस तक तो पहुंचे फिर वहाँ से ड्राईवर को वापस भेज दिया कि तुम जाओ, मैं थोड़ा कुछ अपना काम करता हुआ शाम तक आऊँगा।
जारी .....

Comments

Popular posts from this blog

  !! अरविन्द - नामा !! आओ अरविन्द केज़रीवाल को आंकते हैं ! पहले थोड़ा पीछे झांकते हैं !! ( 1 ) बात करते हैं पिछले साल की वही शुरूआती जन लोकपाल की एक नया चेहरा टी वी पर अक्सर आने लगा धीरे धीरे प्राइम टाइम पर छाने लगा कुछ तो मीडिया के बुद्धिजीवी प्रभावित कुछ टी आर पी का चक्कर बन्दा खड़ा रहा डटकर मामूली सा इंसान चौखाने की शर्ट पैंट से बाहर लटकती हुई दो सौ रुपये वाला चश्मे का फ्रेम पचास किलो का चवन्नी छाप आदमी मीडिया की तवज्जो से मठाधीश बौखला गए वो कुछ भी कहता लोग पूछते तुम कौन ? वह बोलता - आम आदमी तो ?? तो क्या तुम हमसे सवाल करोगे ? गन्दी नाली के कीड़े ( गटर स्नाइप्स ) हिम्मत है तो चुनाव लड़ो एक करोड़ तो चुनाव प्रचार में ही लगते हैं दारु शारू , दुनिया भर का ऊपर से खर्चा दस करोड़ !! है औकात तुम्हारी उसके बाद विधायक खरीदने / बचाने का पैसा अलग कुछ पता भी है तुम्हे चले आये मुह उठा कर जी हम भी चुनाव लड़ेंगे जाओ चुनाव जीतना फिर बताना ( 2 ) चुनाव जीत गए तो कौन सा तीर मार लिया पिछले तिरसठ सालों से हम ने न जाने कितने चुनाव जीते हैं कितनी सरकारें चलायीं / गिरायीं अब तुम चला...
चिल्ड्रेन्स हॉस्पिटल : कुछ नोट्स ( 2 ) " साढ़े नौ का टाइम लिखा रखा है, दस बजने वाले हैं अभी तक डॉ नहीं बैठे हैं. क्या तमाशा बना रखा है," शगुन के पापा गुस्से में रिसेप्शनिष्ट लड़की को हडकाए जा रहे हैं. भैया, आने वाले हैं बस डॉ, तब तक आप बच्चे को पानी से स्पंज करा दीजिए. सिस्टर जी बच्चे का बुखार नाप कर स्पन्जिंग करवाइए, गुनगुने पानी से. शगुन की मम्मी शगुन के माथे पर पट्टियां तो रख सकती हैं परन्तु बुखार में बच्चे को नहलाना ... न बाबा न. निमोनिया जकड़ लेगी सीने को. इनका बच्चा तो है नहीं, जो मन में आया बोल दिया. मम्मी जी धीरे धीरे भुनभुना रही हैं. चादर से और लपेट दिया बच्चे को. " डॉ साब साढ़े दस बजे आएंगे " रिसेप्शनिष्ट ने फोन रखते हुए चिल्लाकर कहा. ताकि सभी सुन ले. अभी वो बाहर गए हुए हैं. चलो कहीं और दिखा लेते हैं, डॉ तो अभी यहाँ आए नहीं. पिता जी के प्रस्ताव को माता जी ने धीरे से ठुकरा दिया, " नहीं. शगुन की दवा इन्ही डॉ की सूट करती है." मैं तो बच्चों का हॉस्पिटल हूँ, मुझे यह बात पता है कि रिसेप्शनिष्ट झूठ बोल रही है. डॉ, मेरे कैम्पस में घर पर ही ...
  सूरज बेटा सुबह सबेरे बिस्तर से जब सूरज उतरा मंजन कर फिर उसने थोड़ा कुहरा कुतरा उत्तर को चल पड़ा बदल दीं अपनी राहें धरती अम्मा ने फैला दी दोनों बाहें अम्मा बोलीं-बेटा, खिचड़ी खा कर जाना लेकिन उसके पहले तुमको पड़े नहाना सूरज भागा फिर से कर के वही बहाना मम्मा मुझको छत पर अभी पतंग उड़ाना - प्रदीप कुमार शुक्ल ( 2021 )