Skip to main content
धीरज
रात के साढ़े ग्यारह बज रहे थे l ओपीडी के बाद वार्ड में आज का आख़िरी राउंड भी बस अभी ख़त्म हुआ था l डॉ धीरज घर जाने ही वाले थे कि चैंबर का दरवाजा खोलते हुए स्टाफ़ ने हिचकिचाते हुए कहा " सर, एक बच्चा है l तो भेजो ना उसे, डॉ का अंदाज़ थोड़ा तल्खी भरा था l डॉ धीरज की तल्खी इसलिए थी कि मरीज दिखाने से पहले पूछने की क्या जरूरत? सबको पता है कि डॉ साहब अगर हॉस्पिटल में हैं तो मरीज देखना ही है l " सर, उसके पास पैसे नहीं है और मरीज गंभीर है शायद भरती की जरूरत पड़े l " वाक्य का आख़िरी हिस्सा उसने जल्दी से जोड़ा कि कहीं फिर डांट न पड़ जाए l क्योंकि नियम यह भी था कि मरीज के पास अगर पैसे नहीं भी हैं तो भी उसे ओपीडी में दिखाने से इनकार नहीं कर सकते l
चार महीने की बच्ची माँ की गोद में निढाल हो गई थी l आँखें गड्ढे में घुसी हुई गाल पिचके हुए l एक बारगी तो डॉ को ऐसा लगा जैसे उसमे प्राण नहीं है l बहुत बार ऐसे ही लोग मरे हुए बच्चे को लपेट कर अस्पताल पहुँचते हैं l बच्चे में हरकत देखकर डॉ धीरज बच्चा माँ के हाथ से लगभग छीनते हुए इमरजेंसी की तरफ लपके l बड़ी मुश्किल से आईवी लाइन लग पाई l ऑक्सीजन और फ्लूड बोलस शुरू किया गया l
बच्चे को माँ की गोद में देते हुए बीमारी के बारे में पूछताछ शुरू हुई l पता चला कि बच्चा पिछले चार दिनों से बीमार है l एक बोतल पानी में एक चम्मच अमूल मिल्क पाउडर दिया जा रहा था बच्ची को l चार महीने में उसका वजन तीन किलो भी नहीं हो पाया था l उसे दस्त हो रहे हैं, तेज बुखार है और खांसी आ रही है l बच्चे का पिता रिक्शा चलाता है l गरीबी तो खैर उनके कपड़ों से ही फूट पड़ रही थी l करीब बीस एक साल की माँ अभी कुछ दिनों पहले ही गाँव से यहाँ रहने आई है l यह उसका पहला ही बच्चा है l
डॉ धीरज ने उसे समझाना शुरू किया " देखिये, आप का बच्चा बहुत गंभीर है, इसे बहुत ज्यादा इन्फेक्शन है, निमोनिया भी है और जान का गंभीर ख़तरा है l अभी थोड़ा ग्लूकोस चढ़ा दिया है जिससे पानी की कमी में थोड़ी राहत है l हालत अभी भी बहुत चिंताजनक है l इलाज के दौरान जान जाने की आशंका है l आप इसे अभी पास के सरकारी अस्पताल में ले जाइए l गरीब आदमी हैं प्राइवेट अस्पताल का खर्च नहीं उठा पायेंगे l "
" तुम इलाज सुरू करौ, पइसा की चिंता ना करव l " पिता की लड़खड़ाती आवाज में थोड़ा रौब भी झलक रहा था l लाल आँखें लिए लहराते हुए उस रिक्शा खींचने वाले के अन्दर इस समय दारू सवार थी l डॉ धीरज उसे बाहर का रास्ता दिखा रहे थे पर वह जाने को तैयार नहीं था l अभी वह डॉ के पैर पकडे जमीन पर बैठा हुआ दीन हीन लग रहा था l डॉ धीरज को पता है कि देर रात में गंभीर बीमार बच्चे के दारू से धुत बाप को किसी भी कीमत पर अस्पताल में भरती नहीं करना है l इसी बीच डॉ धीरज की पत्नी डॉ मधु भी इमरजेंसी में आ चुकी थीं l वैसे तो वह डॉ धीरज पर गुस्सा होने आई थीं कि दो बार खाना गर्म होकर ठंडा हो चुका है l पर यहाँ तो हालात ही दूसरे थे l पिछले आधे घंटे से वह भी बच्ची पर लगी हुई थीं l बच्ची की माँ के आँसू लगातार बहते जा रहे थे l डॉ मधु ने भी डॉ धीरज से रिक्वेस्ट की " अरे! कहाँ ले जायेगा बेचारा रात में, भरती कर लीजिये l जो होगा देखा जाएगा l "
" ठीक है भरती करो इन्हें " डॉ ने सिस्टर से कहा l " और हाँ, लिखवा लेना कि मेरा बच्चा बहुत गंभीर है l इलाज के दौरान जान भी जा सकती है l मुझे सरकारी अस्पताल भेजा जा रहा है पर मैं अपने बच्चे का इलाज यहीं कराना चाहता हूँ l मुझे यहाँ की सुविधाओं और खर्चे के बारे में बता दिया गया है l " डॉ धीरज रटे हुए वाक्यों को तेजी से बोलते हुए बच्ची को फिर से इक्जामिन करने लगे l
अभी डॉ धीरज मरीज की केस शीट भर ही रहे थे कि रिसेप्शन से फोन आया " सर, ये कह रहे हैं कि इनके पास एक पैसा भी नहीं है जमा करने को, क्या करें?" " अरे, कुछ तो जमा करवा लो कम से कम दवाओं के लिए तो करा ही लो " डॉ ने शांत लहजे में कहा l तब तक बच्ची का बाप हाथ जोड़े चैंबर में चला आया l " साहेब, हमरी बिटिया क बचा लेव हम सुबेरे पइसा जमा कई देबे l" " ठीक है, कल सुबह कुछ जमा कर देना कुछ हम छोड़ देंगे, तुम्हारा काम हो जाएगा l " डॉ ने उसकी तरफ देखते हुए कहा l
बेडरूम में घुसते - घुसते रात के ढाई बज रहे थे l डॉ धीरज बुरी तरह थक गए थे और एक ग्लास ठंडा दूध पीकर सोने की कोशिश करने लगे l इण्टरकॉम की आधी घंटी पर ही फोन उठाया तो पता चला कि इमरजेंसी बेड नं. दो के बच्चे को झटके आ रहे हैं l स्लिपर पहन कर एक मिनट में डॉ धीरज बेड साइड पहुँच चुके थे l भोर के सवा चार बजे थे, बाक़ी घर के लोग और अस्पताल के मरीज गहरी नींद में थे l बच्ची के पिता को बुलवाया तो पता चला वह काफी देर पहले यहाँ से जा चुका है l स्टाफ़ ने ही बच्चे की माँ को चाय पिलाई थी l बच्ची गंभीर होती चली गई, बहुत कोशिश के बाद भी उसे बचाया नहीं जा सका l सुबह के छ: बजने वाले थे, बस थोड़ी देर पहले ही उसका पिता अवतरित हुआ था l शराब की बदबू अभी भी उसके मुंह से आ रही थी शायद यहाँ से जाने के बाद उसने फिर पी थी l डॉ ने उसके कंधे पर हाथ रखा तो उसने डॉ का हाथ तेजी से झटक दिया l डॉ धीरज चुपचाप अपने चैंबर में आकर डेथ सर्टिफिकेट बनाने लगे l
बाहर बड़ी तेज कांच टूटने की आवाज आई l बच्ची का पिता दरवाजे पर लात मारकर जोर - जोर से गालियाँ बकता हुआ अस्पताल से जा रहा था l " हम जब लाये रहन तब बिलकुल ठीक रहै बिटिया, घर मा दूधू पीयेसि रहै l पता नहीं कउन इंजेक्सन लगाय कै मारि दिहिस डाक्टरु l हम कहा कि पइसा हम सुबेरे द्याबै मुलु इनका सबूरी न भै l जल्लाद आय सार l "
डॉ धीरज का धीरज खो चुका था l वह दांत भींच कर तेजी से आगे बढ़े l तभी पीछे से शोर सुनकर दौड़ी आई डॉ मधु ने उन्हें रोक लिया l " कोई नहीं उसका बच्चा मर गया है, दुखी है बेचारा, जाने दीजिये l आप तो खुद धीरज हैं थोड़ा धीरज रखिये l " अभी डॉ धीरज का बढ़ा हुआ बीपी कम भी नहीं हो पाया था कि सिस्टर ने चैंबर में झाँक कर कहा " सर एक बच्चा है इमरजेंसी में. काफी सीरियस है l "
डॉ धीरज ने डॉ मधु को एक क्षण के लिए देखा और आला उठाकर तेजी से इमरजेंसी की तरफ भाग चले l
- प्रदीप शुक्ल

Comments

Popular posts from this blog

गांव का एक लड़का ( 11 ) मिडिल स्कूल में हमारे घुसने से तुरंत पहले एक गुरुजी प्रधानाचार्य के पद से सेवानिवृत हुए थे l बड़ी तारीफ़ थी उनकी l दुर्भाग्य से मैं उनका विद्यार्थी होने से वंचित रह गया l गाढ़े रंग और ज़रा नाटे कद के गुरूजी बहुत सौम्य और भलेमानुष थे l अपने रंग और स्वभाव के अनुरूप ही मास्साब का पहनावा भी बेहद सरल था l मटमैले रंग की धोती और सफ़ेदी की झलक मारता मुचड़ा हुआ कुर्ता l अपने विद्यार्थियों के साथ अपने पुत्र को भी उन्होंने खूब मेहनत से पढ़ाया l बेटा भी पढ़ाकू निकला और पढ़ते - पढ़ते बड़ा अफसर हो गया l बड़ा अफसर मतलब आई ए एस अफसर l अफसर बनने के बाद पुत्र का गाँव आना जाना भी लगभग बंद हो गया l उस समय गाँव में टेलीफोन की सुविधा नहीं थी l लड़का चाहता तो हो सकती थी, पर लड़के को सरकार ने इतने सरकारी काम सौंप रखे थे कि सांस लेने की फुर्सत नहीं थी l जब बहुत दिनों तक मास्साब को लड़के के हालचाल नहीं मिले तो उन्होंने सोचा काम में व्यस्त होगा चलो हम ही दिल्ली चलते हैं l जनरल डिब्बे में ठुंस कर मास्साब जैसे तैसे दिल्ली पहुंचे l पता लगाते हुए कुछ दूर बस से, कुछ दूर पैदल चलकर आखिर गुरुजी पुत्र के...
5 Little Monkeys Jumping on the Bed - Mother Goose ( अवधी भावानुवाद ) पांच बंदरवा नान्ह केर सब कूदैं बिस्तर पर एकु गिरि गवा खाले, गूमडु निकरा वहिके सर अम्मा कहिनि, डाकटरु आवा बोलिसि आला धर अब कउनो बांदरु ना उलरी द्याखौ बिस्तर पर चारि बंदरवा नान्ह केर सब कूदैं बिस्तर पर एकु गिरि गवा खाले, गूमडु निकरा वहिके सर बप्पा कहिनि, डाकटरु आवा बोलिसि आला धर अब कउनो बांदरु ना उलरी द्याखौ बिस्तर पर तीनि बंदरवा नान्ह केर सब कूदैं बिस्तर पर एकु गिरि गवा खाले, गूमडु निकरा वहिके सर अम्मा कहिनि, डाकटरु आवा बोलिसि आला धर अब कउनो बांदरु ना उलरी द्याखौ बिस्तर पर दुई ठो बांदर नान्ह केर उई कूदैं बिस्तर पर एकु गिरि गवा खाले, गूमडु निकरा वहिके सर बप्पा कहिनि, डाकटरु आवा बोलिसि आला धर अब कउनो बांदरु ना उलरी द्याखौ बिस्तर पर एकु बंदरवा नान्ह केर यहु कूदै बिस्तर पर वहौ गिरि गवा खाले, गूमडु निकरा वहिके सर अम्मा कहिनि, डाकटरु आवा बोलिसि आला धर सारे बांदर पहुड़ि जायं अब सीधे बिस्तर पर - प्रदीप शुक्ल
गांव का एक लड़का ( 3 ) स्कूल जाने वाले बच्चे इस लायक हो जाते कि खेती के कामों में हाथ बंटाया करते l करते क्या जबरदस्ती करवाया जाता l स्कूल से लौटते ही घर में काम तैयार बैठे रहते l स्कूल जाने से पहले गोबर - करकट सब बच्चों के जिम्मे ही होता l चचेरे भाई बहनों को मिलाकर हम नौ बच्चे थे l सबसे बड़ी दीदी और छोटी बहनें घर में माँ और चाची का हाँथ बंटाती l हम बाकी बच्चे बाबा का l भाइयों में मैं दूसरे नंबर पर हूँ l मुझे और बड़े भईया की जोड़ी को ही बाहर के लगभग सारे काम करने पड़ते थे l काम के बंटवारे में अक्सर गोबर ही मेरे हाथ आता l जानवरों को चारा देना थोड़ा ज्यादा स्किल्ड काम था सो वह बड़े भाई के हिस्से में आता l दरवाजे पर झाडू लगाने के लिए हम अरहर के सूखे पौधे इस्तेमाल करते l जिन्हें ' झाँखर ' काहा जाता था l झाँखर का खरहंचा बना कर बड़ी आसानी से खड़े - खड़े झाडू लगा लेते l गर्मियों में कभी धूल ज्यादा होती तो पानी का छिडकाव कर खरहंचा मारते l गोबर हटाने का काम बाक़ी दिनों में तो आराम से हो जाता पर बारिश में यह काम बहुत तंग करता l एक हमारी बूढ़ी भैंस थी l वह इतना पतला गोब...