Skip to main content
प्रज्ञान बेटा
ख़ुश रहो, जुग-जुग जियो
यहाँ के हाल चाल तो वैसई हैं जैसे तुम छोड़ गए थे. लोग नदियों में डूब रहे हैं. सेल्फियाते हुए ट्रेन के नीचे घुस रहे हैं. पटाखों के साथ भुन रहे हैं. कश्मीर से कन्याकुमारी तक पूरा देश काकामय है, कश्मीर कुछ ज्यादा ही. एनडीटीवी और कुछ अंग्रेजी चैनलों को छोड़कर सब जगह देश खुशहाल है, पकिस्तान को रगड़ रहा है. मल्लब जब तक पाकिस्तान रगड़ा जाता रहेगा, भारत ख़ुशहाल बना रहेगा. खाली एक आध चैनलों पर देश की अर्थव्यवस्था में कुछ गिरावट है, बकिया जगह बस फर्राटा भरने के पहले देश थोड़ी सांस ले रहा है.
नई बातें कुछ ख़ास नहीं हैं. पीसी चच्चू तिहाड़ में आराम फरमा रहे हैं. उनको बस दो चीजों की चिंता है. सुबह में वह उंकडू नहीं बैठना चाहते और देश की अर्थव्यवस्था को भी इस तरह कांखते हुए नहीं देखना चाहते. घर के बने हुए गोभी के पराठों के लिए उन्होंने अंग्रेजी में कुछ कहा जिसे हरियाणवी गार्ड समझ नहीं पाया.
काका ने दरियादिली दिखाते हुए एक अरब डॉलर का कर्ज रूस को दिया है. ' घर में नहीं दाने अम्मा चली भुनाने ' वाली कहावत राष्ट्रविरोधी लोग कह रहे हैं. उनसे अब काका को कोई फरक नहीं पड़ता. काका अब विश्व के नेता हैं. रूस के लोगों को विकास की चटनी चटाना उनकी प्राथमिकता में है. ध्येय वही है, पाकिस्तान को रगड़ना.
खैर, ई तो सब यहाँ की बातें हो गईं. तुम बताओ कैसा रहा सफ़र? हमाये नखलऊ से सेठ जी की तेजस अब दिल्ली तक जायेगी-आयेगी. अगली बार तुम भी सेठ वाले विकरम पर ही जाना. जल्दी पहुँच जाओगे और आराम से टीवी देखते हुए सफ़र कट जाएगा.
सुना है दक्खिन में उतरोगे. ठीक है भैया पर बाएं तरफ आँख उठा कर भी मत देखना, वरना क्या पता शाह चच्चू तुमको अगली बार भेजबे न करें. चरम दक्षिण में रहना, देश भी वही कर रहा है.
पता चला है कि बचुआ तुम किसी गड्ढे के पास उतर रहे हो. बेटा संभल कर पैर बढ़ाना. हेलमेट लगा लेना और बड़ी गाड़ी देख कर किनारे खड़े हो जाना. पल्यूशन वाला कागज दिखा देना नहीं तो गडकरी दउआ पांच हजार तुम्हारे खाते में चढ़ा देंगे.
अच्छा तुम रात को वहाँ पहुंचोगे, तब तक हम सो जायेंगे. तुम्हारे दादा जी बहुत खर्राटे लेते हैं इसलिए हम पहले ही नींद की गोली ले कर सो जाते हैं.
औ बच्चा ठीक से रहना. कोई शिकायत न मिले तुम्हारी. आज तुम उतर कर आराम करो. कल फिर तुमको चिट्ठी लिखेंगे. औ सुनो, किसी के बहकावे में मत आना. अपना काम करना बस. कोई अनजान आदमी कुछ खाने वाने को दे तो खा मत लेना.
बाकी तुम तो खुद समझदार हो.
थोड़ा लिखा, ज्यादा समझना.
तुम्हारी दादी
वसुंधरा
लखनऊ, भारत

Comments

Popular posts from this blog

  !! अरविन्द - नामा !! आओ अरविन्द केज़रीवाल को आंकते हैं ! पहले थोड़ा पीछे झांकते हैं !! ( 1 ) बात करते हैं पिछले साल की वही शुरूआती जन लोकपाल की एक नया चेहरा टी वी पर अक्सर आने लगा धीरे धीरे प्राइम टाइम पर छाने लगा कुछ तो मीडिया के बुद्धिजीवी प्रभावित कुछ टी आर पी का चक्कर बन्दा खड़ा रहा डटकर मामूली सा इंसान चौखाने की शर्ट पैंट से बाहर लटकती हुई दो सौ रुपये वाला चश्मे का फ्रेम पचास किलो का चवन्नी छाप आदमी मीडिया की तवज्जो से मठाधीश बौखला गए वो कुछ भी कहता लोग पूछते तुम कौन ? वह बोलता - आम आदमी तो ?? तो क्या तुम हमसे सवाल करोगे ? गन्दी नाली के कीड़े ( गटर स्नाइप्स ) हिम्मत है तो चुनाव लड़ो एक करोड़ तो चुनाव प्रचार में ही लगते हैं दारु शारू , दुनिया भर का ऊपर से खर्चा दस करोड़ !! है औकात तुम्हारी उसके बाद विधायक खरीदने / बचाने का पैसा अलग कुछ पता भी है तुम्हे चले आये मुह उठा कर जी हम भी चुनाव लड़ेंगे जाओ चुनाव जीतना फिर बताना ( 2 ) चुनाव जीत गए तो कौन सा तीर मार लिया पिछले तिरसठ सालों से हम ने न जाने कितने चुनाव जीते हैं कितनी सरकारें चलायीं / गिरायीं अब तुम चला...
चिल्ड्रेन्स हॉस्पिटल : कुछ नोट्स ( 2 ) " साढ़े नौ का टाइम लिखा रखा है, दस बजने वाले हैं अभी तक डॉ नहीं बैठे हैं. क्या तमाशा बना रखा है," शगुन के पापा गुस्से में रिसेप्शनिष्ट लड़की को हडकाए जा रहे हैं. भैया, आने वाले हैं बस डॉ, तब तक आप बच्चे को पानी से स्पंज करा दीजिए. सिस्टर जी बच्चे का बुखार नाप कर स्पन्जिंग करवाइए, गुनगुने पानी से. शगुन की मम्मी शगुन के माथे पर पट्टियां तो रख सकती हैं परन्तु बुखार में बच्चे को नहलाना ... न बाबा न. निमोनिया जकड़ लेगी सीने को. इनका बच्चा तो है नहीं, जो मन में आया बोल दिया. मम्मी जी धीरे धीरे भुनभुना रही हैं. चादर से और लपेट दिया बच्चे को. " डॉ साब साढ़े दस बजे आएंगे " रिसेप्शनिष्ट ने फोन रखते हुए चिल्लाकर कहा. ताकि सभी सुन ले. अभी वो बाहर गए हुए हैं. चलो कहीं और दिखा लेते हैं, डॉ तो अभी यहाँ आए नहीं. पिता जी के प्रस्ताव को माता जी ने धीरे से ठुकरा दिया, " नहीं. शगुन की दवा इन्ही डॉ की सूट करती है." मैं तो बच्चों का हॉस्पिटल हूँ, मुझे यह बात पता है कि रिसेप्शनिष्ट झूठ बोल रही है. डॉ, मेरे कैम्पस में घर पर ही ...
  सूरज बेटा सुबह सबेरे बिस्तर से जब सूरज उतरा मंजन कर फिर उसने थोड़ा कुहरा कुतरा उत्तर को चल पड़ा बदल दीं अपनी राहें धरती अम्मा ने फैला दी दोनों बाहें अम्मा बोलीं-बेटा, खिचड़ी खा कर जाना लेकिन उसके पहले तुमको पड़े नहाना सूरज भागा फिर से कर के वही बहाना मम्मा मुझको छत पर अभी पतंग उड़ाना - प्रदीप कुमार शुक्ल ( 2021 )