Skip to main content

गांव का एक लड़का ( 26 )



नक़वी सर के फार्मूले से मेरे दिल पर रखा हुआ एक बड़ा पत्थर हट गया था l अब मैं खुल कर सांस ले सकता था l फिजिक्स की किताबें और नोट्स मैंने एक तरफ रख दिए l उनकी तरफ देखना भी बंद कर दिया l फिजिक्स की क्लास में जरूर बैठता पर दिमाग में कुछ और ही चल रहा होता l
करीब एक महीना गुजरा होगा और पहला ही टेस्ट मेरे सबसे प्रिय विषय ज़ूलोजी का आ गया l तकरीबन पांच सौ बच्चे रहे होंगे पूरे सेक्शंस को मिलाकर l मेरी रैंक थी चौथी l बहुत सालों के बाद पहली बार कुछ जीतने जैसा अहसास हो रहा था l नक़वी सर ने मुझे घूर कर देखा l उनकी आँखों में मेरे लिए प्रसंशा और वात्सल्य के भाव थे l बाकी सारे बच्चे पहले से ही पढ़ाकू थे और उनका मेरिट में आना तय था l मैं बिलकुल नया था l गाड़ी ने रफ़्तार पकड़ ली थी l
फिर एक दिन वही हुआ जिसका मुझे डर था l ऐलान हुआ कि अपने - अपने प्रमाणपत्र और अंकतालिकाएं लेकर ऑफिस में विधिवत प्रवेश प्रक्रिया पूर्ण कराई जाए l पहले तो मैं बचता रहा, पर बकरे की अम्मा कब तक खैर मनाती l मैं हलाल होने के लिए अपने कागज़ समेटे एक छोटे से ऑफिस में पहुँच गया l ऑफिस में केवल केमिस्ट्री वाले दयाल सर बैठे हुए थे l दयाल सर सीडीआरआई में साइंटिस्ट थे और हमें इनोर्गानिक केमिस्ट्री पढ़ाते थे l थोड़ी राहत की सांस आई, चलो, सरेआम बेइज्जती से बच गए l
मैंने अपनी लैमिनेटेड अंकतालिकाएं दयाल सर के समक्ष प्रेषित कीं और खड़े होकर बमवर्षक विमानों का इंतज़ार करने लगा l दयाल सर कुछ देर चुपचाप मेरी अंकतालिकाएं उलट पुलट कर देखते रहे फिर आहिस्ता से उन्होंने अपना चश्मा मेज पर रखा l मुझे सामने बैठने का इशारा करते हुए ठंडे स्वर में बोले -
- तुम्हारे बाप के पास ज्यादा पैसा है?
- नहीं सर, पैसा ही तो नहीं है l मैंने घिघियाते हुए कहा l
- यहाँ सैर सपाटा, मस्ती करने आये हो?
- नहीं सर, पढने आया हूँ l मैंने फिर मिमियाने की कोशिश की l
- देखो बेटा ! ( दयाल सर, संत जैसे भाव चेहरे पर ओढ़ कर प्रवचन देने के मूड में आ गए l ) यह नई कोचिंग है, हमसे गलती हो गई जो हमने पहले तुमसे नहीं पूछा l तुम्हारा इतना समय बर्बाद हुआ l वैसे तो जमा हुए पैसे वापस नहीं होते हैं पर मैं अपने अकाउंट से तुम्हारे सारे पैसे वापस करा दूंगा l चुपचाप घर जाओ l तुम्हारे बस का नहीं है l इसमें कुछ और पैसे मिलाकर कोई छोटी मोटी दूकान खोल लो l
- सर, मैं पढाई कर रहा हूँ l अब तक मेरी भी आवाज वापस आ चुकी थी l
- अच्छा ! कितने नम्बर आये तुम्हारे, इस बार के टेस्ट में? दयाल सर ने माथे पर सलवटें बनाते हुए भौहें चढ़ाकर पूछा l
- सर, फोर्थ रैंक l
- कितनी?
- सर, चार - चार l
- हूँ l अब सलवटें गायब हो रही थीं l
- मतलब अब तक तुमने खूब हरामखोरी की है l
- जी, ऐसा ही कुछ समझ लीजिये l
- देखो बेटा, वैसे तो तुम्हारी मार्कशीट्स देखकर तुम्हे कोई चपरासी की नौकरी भी नहीं देगा, लेकिन तुम चाहो तो डॉ बन सकते हो l
- सर मैं बनूंगा, मुझे कोई रोक नहीं सकता l
- ठीक है l फिर जाओ, खूब मेहनत से पढाई करो l
दयाल सर अब मुस्कुरा रहे थे l मैंने झुक कर उनके पाँव छुए, उन्होंने सर पर हाथ रखकर आशीर्वाद दिया l
मैं अपने आपको अन्दर से और मजबूत महसूस कर रहा था l लेकिन आगे रास्ता उतना सीधा था नहीं, जितना मैंने सोच लिया था l
जारी है ......

Comments

Popular posts from this blog

  !! अरविन्द - नामा !! आओ अरविन्द केज़रीवाल को आंकते हैं ! पहले थोड़ा पीछे झांकते हैं !! ( 1 ) बात करते हैं पिछले साल की वही शुरूआती जन लोकपाल की एक नया चेहरा टी वी पर अक्सर आने लगा धीरे धीरे प्राइम टाइम पर छाने लगा कुछ तो मीडिया के बुद्धिजीवी प्रभावित कुछ टी आर पी का चक्कर बन्दा खड़ा रहा डटकर मामूली सा इंसान चौखाने की शर्ट पैंट से बाहर लटकती हुई दो सौ रुपये वाला चश्मे का फ्रेम पचास किलो का चवन्नी छाप आदमी मीडिया की तवज्जो से मठाधीश बौखला गए वो कुछ भी कहता लोग पूछते तुम कौन ? वह बोलता - आम आदमी तो ?? तो क्या तुम हमसे सवाल करोगे ? गन्दी नाली के कीड़े ( गटर स्नाइप्स ) हिम्मत है तो चुनाव लड़ो एक करोड़ तो चुनाव प्रचार में ही लगते हैं दारु शारू , दुनिया भर का ऊपर से खर्चा दस करोड़ !! है औकात तुम्हारी उसके बाद विधायक खरीदने / बचाने का पैसा अलग कुछ पता भी है तुम्हे चले आये मुह उठा कर जी हम भी चुनाव लड़ेंगे जाओ चुनाव जीतना फिर बताना ( 2 ) चुनाव जीत गए तो कौन सा तीर मार लिया पिछले तिरसठ सालों से हम ने न जाने कितने चुनाव जीते हैं कितनी सरकारें चलायीं / गिरायीं अब तुम चला...
चिल्ड्रेन्स हॉस्पिटल : कुछ नोट्स ( 2 ) " साढ़े नौ का टाइम लिखा रखा है, दस बजने वाले हैं अभी तक डॉ नहीं बैठे हैं. क्या तमाशा बना रखा है," शगुन के पापा गुस्से में रिसेप्शनिष्ट लड़की को हडकाए जा रहे हैं. भैया, आने वाले हैं बस डॉ, तब तक आप बच्चे को पानी से स्पंज करा दीजिए. सिस्टर जी बच्चे का बुखार नाप कर स्पन्जिंग करवाइए, गुनगुने पानी से. शगुन की मम्मी शगुन के माथे पर पट्टियां तो रख सकती हैं परन्तु बुखार में बच्चे को नहलाना ... न बाबा न. निमोनिया जकड़ लेगी सीने को. इनका बच्चा तो है नहीं, जो मन में आया बोल दिया. मम्मी जी धीरे धीरे भुनभुना रही हैं. चादर से और लपेट दिया बच्चे को. " डॉ साब साढ़े दस बजे आएंगे " रिसेप्शनिष्ट ने फोन रखते हुए चिल्लाकर कहा. ताकि सभी सुन ले. अभी वो बाहर गए हुए हैं. चलो कहीं और दिखा लेते हैं, डॉ तो अभी यहाँ आए नहीं. पिता जी के प्रस्ताव को माता जी ने धीरे से ठुकरा दिया, " नहीं. शगुन की दवा इन्ही डॉ की सूट करती है." मैं तो बच्चों का हॉस्पिटल हूँ, मुझे यह बात पता है कि रिसेप्शनिष्ट झूठ बोल रही है. डॉ, मेरे कैम्पस में घर पर ही ...
  सूरज बेटा सुबह सबेरे बिस्तर से जब सूरज उतरा मंजन कर फिर उसने थोड़ा कुहरा कुतरा उत्तर को चल पड़ा बदल दीं अपनी राहें धरती अम्मा ने फैला दी दोनों बाहें अम्मा बोलीं-बेटा, खिचड़ी खा कर जाना लेकिन उसके पहले तुमको पड़े नहाना सूरज भागा फिर से कर के वही बहाना मम्मा मुझको छत पर अभी पतंग उड़ाना - प्रदीप कुमार शुक्ल ( 2021 )