Skip to main content

गांव का एक लड़का ( 22 )



जैसी कि आशंका थी, मैं बी एससी के पहले ही साल में चारो खाने चित्त हो गया था l लेकिन कोई बहुत दिल को ठेस लगी हो, ऐसा भी नहीं था l मुझे पता था कि मैंने कुछ पढाई की ही नहीं थी, सो पास होना बनता भी नहीं था l फेल होने से बुरा तो खैर क्या होता l लेकिन इस एक साल में काफी कुछ अच्छा भी हुआ l जिसने जीवन के युद्धक्षेत्र में बने रहने का हौसला दिया l एक तो यह हुआ कि अंग्रेजी से झिझक कुछ कम हुई, हालांकि अंग्रेजी से प्रगाढ़ दोस्ती तो अभी तक नहीं हो पाई है l अंग्रेजी जब कभी सार्वजनिक रूप से मिलती है तो अभी भी मैं सहज नहीं रह पाता l दूसरा यह हुआ कि पढ़ाने वाले शिक्षकों और साथ पढने वाले कुछ विद्यार्थियों का ज्ञान और विद्याध्ययन के प्रति उनका समर्पण देख कर मन उत्साहित हुआ l
वैसे तो अब देर हो चुकी थी और मैं फेल हो चुका था l परन्तु मन में कुछ करने की इच्छा बलवती होने लगी थी l पूरे साल कॉलेज नहीं जाना था, एक साल के बाद केवल इम्तेहान देने थे l अब मैं वाकई खुद कुछ पैसे कमाकर पढाई करना चाहता था l किसी तरह का कोई गुस्सा नहीं था, न अपने ऊपर, न ही दूसरों पर l शहर भी मेरे लिए अब अजनबी नहीं रहा था l आत्मविश्वास ने अंतर्मन के अँधेरे में पाँव पसारना शुरू कर दिया था l मैं अब अपने करियर के बारे में सोचना शुरू कर रहा था l बाक़ी परिवार, पिता मेरी तरफ से निराश हो चुके थे l माँ कभी अपने बेटे से निराश नहीं हुई l उसे हमेशा लगता कि मेरा पढ़ाकू बेटा एक न एक दिन कुछ करेगा l अब मेरे ऊपर कोई स्कैनिंग नहीं थी l कहाँ जा रहा हूँ, क्या कर रहा हूँ, किसी से कोई मतलब नहीं l
फिर से नौकरी की तलाश शुरू हुई l ले दे कर फिर वहीं बाबूजी की शरण में था l बाबूजी ने इस बार ज्यादा सवाल जवाब नहीं किये l वह भी शायद निराश हो चले थे l उन्होंने एक चिट्ठी दी एक इंजीनियर साहब के नाम l इन्द्रानगर कॉलोनी उस समय बन रही थी l वहीं पर पी डब्ल्यू डी का एक कैम्प ऑफिस था l पहली बार ऑफिस गया तो छोटे साहब, जिनके नाम चिट्ठी थी, वह थे नहीं l उनके कैम्प क्लर्क ओ पी सेठ जी मिले l पान चबाते हुए सेठ जी ने कहा, साहब के घर शाम को चलेंगे चाहो तो घर पर मिल लो l मुझे कोई और काम था नहीं सो सेठ जी के साथ दिन गुजारा l शाम को हम दोनों लोग अपनी - अपनी साइकिल से डालीगंज गर्ग साहब के बंगले पर पहुंचे l साहब ने ऊपर से नीचे मुझे देखा l पूछा, क्या कर रहे हो अभी? जी, बी एससी कर रहा हूँ l हूँ, चलो कल से ऑफिस आ जाओ l सेठ जी, इनको अपने पास ही रख लो, ये शुक्ला जी के भतीजे हैं l फिर मुझसे मुखातिब होते हुए बोले, ' ऐसा करो, शाम को बच्चों को देख लिया करो, घर पर l ' मैंने हाँ में मुंडी हिलाई और वहाँ से चला आया l
अगले दिन से ऑफिस - ऑफिस खेलने लगा l वहाँ मैं सेठ जी के पास चिपका रहता, उनका असिस्टेंट बनकर l सेठ जी बढ़िया आदमी थे, दिन भर चाय पानी कराते रहते l पर वहाँ की कूटभाषा मुझे कुछ पल्ले ही नहीं पड़ती l शाम को गर्ग जी के बच्चों को पढ़ाने जाने लगा l पढ़ाता क्या? बस होमवर्क ही करा देता था l उसमें ही मेरे पशीने छूट जाते l दिनचर्या फिर वही नौकरी वाली हो गई, अपने लिए कोई वक्त ही नहीं बचा l खैर, यह क्रम कोई महीना भर चला होगा l पैसा तीन सौ रुपये महीने के आखिर में मिले, एक जगह दस्तखत करने के बाद l शायद किसी मस्टर रोल में मेट के पद पर नाम था l फिर अचानक एक दिन गर्ग साहेब के दफ्तर में घुस गया और बोल दिया l सर, मैं एक ही जगह आ पाऊंगा या तो ऑफिस में या घर में l मुझे अपने पढ़ने के लिए मौक़ा ही नहीं मिल रहा l गर्ग साहब ने मुझे घूरा फिर कुछ सोच कर बोले, अच्छा तुम फील्ड में जाओ l जेई साहब हैं मिस्टर लाल, उनसे मिल लो l
लाल साहब उसी वक्त पहाड़ से उतरे थे मैदान में l मतलब भवाली, नैनीताल से लखनऊ l मलीहाबाद की फील्ड थी उनके पास l उन्होंने पहला प्रश्न दागा l कितना पढ़े हो? जी, बी एससी कर रहा हूँ l कुछ सोचते हुए लाल साहब बोले, ' अरे यार कहाँ तुम फील्ड में जाओगे, सुबह शाम बच्चों को देख लिया करो l यहाँ भी मस्टर रोल में मेट बना दिया गया l तनख्वाह निकलने लगी तीन सौ रुपये महीना l लेकिन यहाँ बहुत सुकून था l सुबह शाम एक डेढ़ घंटे बच्चों को पढ़ाना शुरू किया l करीब दो घंटे आने जाने में खर्च होते l बाक़ी का समय खाली l खाली समय का उपयोग अब कोर्स की किताबों पर खर्च होने लगा l फिल्मों की आभाषी दुनिया का पागलपन अब कम होने लगा था और वास्तविक दुनिया में कदम बढ़ रहे थे l
जारी है ........

Comments

Popular posts from this blog

  !! अरविन्द - नामा !! आओ अरविन्द केज़रीवाल को आंकते हैं ! पहले थोड़ा पीछे झांकते हैं !! ( 1 ) बात करते हैं पिछले साल की वही शुरूआती जन लोकपाल की एक नया चेहरा टी वी पर अक्सर आने लगा धीरे धीरे प्राइम टाइम पर छाने लगा कुछ तो मीडिया के बुद्धिजीवी प्रभावित कुछ टी आर पी का चक्कर बन्दा खड़ा रहा डटकर मामूली सा इंसान चौखाने की शर्ट पैंट से बाहर लटकती हुई दो सौ रुपये वाला चश्मे का फ्रेम पचास किलो का चवन्नी छाप आदमी मीडिया की तवज्जो से मठाधीश बौखला गए वो कुछ भी कहता लोग पूछते तुम कौन ? वह बोलता - आम आदमी तो ?? तो क्या तुम हमसे सवाल करोगे ? गन्दी नाली के कीड़े ( गटर स्नाइप्स ) हिम्मत है तो चुनाव लड़ो एक करोड़ तो चुनाव प्रचार में ही लगते हैं दारु शारू , दुनिया भर का ऊपर से खर्चा दस करोड़ !! है औकात तुम्हारी उसके बाद विधायक खरीदने / बचाने का पैसा अलग कुछ पता भी है तुम्हे चले आये मुह उठा कर जी हम भी चुनाव लड़ेंगे जाओ चुनाव जीतना फिर बताना ( 2 ) चुनाव जीत गए तो कौन सा तीर मार लिया पिछले तिरसठ सालों से हम ने न जाने कितने चुनाव जीते हैं कितनी सरकारें चलायीं / गिरायीं अब तुम चला...
चिल्ड्रेन्स हॉस्पिटल : कुछ नोट्स ( 2 ) " साढ़े नौ का टाइम लिखा रखा है, दस बजने वाले हैं अभी तक डॉ नहीं बैठे हैं. क्या तमाशा बना रखा है," शगुन के पापा गुस्से में रिसेप्शनिष्ट लड़की को हडकाए जा रहे हैं. भैया, आने वाले हैं बस डॉ, तब तक आप बच्चे को पानी से स्पंज करा दीजिए. सिस्टर जी बच्चे का बुखार नाप कर स्पन्जिंग करवाइए, गुनगुने पानी से. शगुन की मम्मी शगुन के माथे पर पट्टियां तो रख सकती हैं परन्तु बुखार में बच्चे को नहलाना ... न बाबा न. निमोनिया जकड़ लेगी सीने को. इनका बच्चा तो है नहीं, जो मन में आया बोल दिया. मम्मी जी धीरे धीरे भुनभुना रही हैं. चादर से और लपेट दिया बच्चे को. " डॉ साब साढ़े दस बजे आएंगे " रिसेप्शनिष्ट ने फोन रखते हुए चिल्लाकर कहा. ताकि सभी सुन ले. अभी वो बाहर गए हुए हैं. चलो कहीं और दिखा लेते हैं, डॉ तो अभी यहाँ आए नहीं. पिता जी के प्रस्ताव को माता जी ने धीरे से ठुकरा दिया, " नहीं. शगुन की दवा इन्ही डॉ की सूट करती है." मैं तो बच्चों का हॉस्पिटल हूँ, मुझे यह बात पता है कि रिसेप्शनिष्ट झूठ बोल रही है. डॉ, मेरे कैम्पस में घर पर ही ...
  सूरज बेटा सुबह सबेरे बिस्तर से जब सूरज उतरा मंजन कर फिर उसने थोड़ा कुहरा कुतरा उत्तर को चल पड़ा बदल दीं अपनी राहें धरती अम्मा ने फैला दी दोनों बाहें अम्मा बोलीं-बेटा, खिचड़ी खा कर जाना लेकिन उसके पहले तुमको पड़े नहाना सूरज भागा फिर से कर के वही बहाना मम्मा मुझको छत पर अभी पतंग उड़ाना - प्रदीप कुमार शुक्ल ( 2021 )