Skip to main content

गांव का एक लड़का ( 19 )



लालकुआं के इसी दड़बे में पांच साल रहते हुए मेरे जीवन में सबसे ज्यादा भावनात्मक उतार चढ़ाव आए, शारीरिक बदलाव भी l हारमोंस अपना लेवल तय कर रहे थे l चेहरे पर दाढ़ी - मूछें आ रही थीं और आँखों में सपने बन बिगड़ रहे थे l पढ़ाई में फेल हुए तो लगा अब सब कुछ ख़त्म l उस अँधेरे कमरे में अकेले में खूब रोया भी और लैम्प की रोशनी में अकेले में खूब मुस्कुराया भी l आत्मविश्वास जमीन पर लोट रहा था, हीन भावना घर करने लगी l पर कभी जान देने का ख़याल नहीं आया, न ही दुनिया से भागने का l फिर किसी तरह अपने को खड़ा किया l एक ऐसा दौर भी आया जब लगा कि मैं पूरी दुनिया को जीत सकता हूँ l आत्मविश्वास ऐसा कि लगा, अब कुछ भी नामुमकिन नहीं है l
परीक्षा देने के तुरंत बाद किसी रोज पिताजी ने कुएँ की जगत पर नहाते वक्त एलान कर दिया कि मेरी तरफ से तुम अब स्वतंत्र हो l आगे की पढ़ाई ( अगर करना चाहो ) तो अपने बूते पर करो l पुराना जुमला दोहराया कि " बारह साल के बच्चे को वैद्य नहीं ढूँढना पड़ता है " तुम तो अब अठारह के होने वाले हो, हमारा खून पीना बंद करो l हालांकि किसी तरह का कोई विवाद नहीं हुआ था उस दिन l पिताजी शायद पढ़ाई के प्रति मेरे रवैये को देखकर काफी निराश हो चुके थे l शायद उनको मुझसे बहुत उम्मीदें रहीं होंगी l अभी इंटर का रिज़ल्ट नहीं निकला था पर रिज़ल्ट के बारे में वह आश्वस्त थे, कि मेरा अब कुछ नहीं हो सकता l मेरा अपना स्वाभिमान मुझे ललकार उठा l अन्दर से खूब क्रोध आया l सोचा अब कभी पैसा घर से नहीं मांगूंगा, जो भी करूंगा अपने बूते पर l
सो, अगली भोर मोमिया में पराठे, कुंदरू की सब्जी, अम्मा का आशीष और आँखों में आँसू लेकर साइकिल लखनऊ की और दौड़ चली l हाईस्कूल थर्ड डिवीज़न पास चिमिरखे से लड़के को कोई क्या नौकरी देता l पर पिताजी की बात दिल को लग गई थी और नौकरी तो करनी ही थी l अगले ढाई महीने यानी रिज़ल्ट निकलने तक वापस गाँव नहीं आया l ये दिन बहुत व्यस्तता में गुजरे और आगे के जीवन के लिए खूब मजबूत कर गए l मेरी समर इंटर्नशिप शुरू हो रही थी l
हमारे बाबा के एक छोटे भाई, जिन्हें हम लोग ' बाबूजी ' कहते थे, पी डब्ल्यू डी ऑफिस में कार्यरत थे l अच्छे पद पर और सहृदय होने के नाते नौकरी के लिए पूरे गाँव से लोग उन्ही के पास जाते l उस जमाने में सिफ़ारिश से सरकारी नौकरियाँ भी मिल जाया करती थीं l बाबूजी का गाँव लगातार आना जाना लगा रहता l शहर में व्यस्तता के बावजूद बाबूजी गाँव को नहीं भूले थे l पूरे परिवार - खानदान को जोड़ कर रखा था उन्होंने l बचपन में मैं उनसे बहुत प्रभावित रहता और उनके जैसा ही बनना चाहता l मैं पढने में थोड़ा तेज माना जाता था तो मुझ पर उनका स्नेह कुछ ज्यादा था l सो, नौकरी के लिए मैं भी बाबूजी के दरबार में हाजिर था l बड़े ध्यान से उन्होंने हमारी बातें सुनीं और फिर थोड़ी देर बाद बोले कि अभी तुम्हारी उम्र नौकरी करने के लायक नहीं है l वैसे तो तुम्हे आज से ही काम मिल सकता है इन पर पानी छिड़कने का l उन्होंने दरवाजे, खिड़कियों पर गरमी से बचने के लिए लगी खस की टट्टियों की तरफ इशारा करते हुए कहा l पर मैं तुम्हे यह काम नहीं करने दूंगा l अभी तुम्हे आगे की पढ़ाई जारी रखनी चाहिए l मैं तुम्हारे पिताजी से बात कर लूंगा l मन में तो था कि बाबूजी, मैं यह काम भी कर लूंगा पर उनके सामने कुछ बोल नहीं पाया l
पर, मुझे तो नौकरी ही करनी थी l अगला पड़ाव था उनके बेटे, हमारे चाचाजी के पास, जो एक मेडिकल कम्पनी में एक्सूक्युटिव थे l मेरे अत्यधिक अनुरोध पर चाचाजी ने अपनी जान पहचान का इस्तेमाल करते हुए मेरे लिए एक अदद नौकरी का प्रबंध कर दिया l
काफी लेबर टाईप का काम था l दवाओं की एक डिस्ट्रीब्यूशन कम्पनी थी, अमीनाबाद में l पगार थी तीन सौ रुपये मासिक l सन्डे के अलावा हर छुट्टी पर दस रुपये कटता l सुबह दस बजे से शाम छः बजे तक कचूमर निकल जाता l काफी मेहनत का काम था l नीचे बेसमेंट से दवा के वजनदार कार्टन कंधे पर उठा कर ऊपर लाना होता, छोटे डब्बों में पैकिंग की जाती फिर रिक्शे पर लादकर अमीनाबाद दवा मार्केट में सप्लाई l मार्किट में मजदूरों से ऊपर दुकानों में एक कार्टन चढ़ाने का पचास पैसे रेट फिक्स था, जिसे बचाने के लिए खुद ही दो चार कार्टन पहुंचा देते और रुपये - दो रुपये बन जाते l असल समस्या थी खाने की l दिन भर हाड़तोड़ काम के बाद खाना कौन बनाए l दोपहर आधे घंटे की छुट्टी में कुछ चाय - बन, समोसे खाकर काम चला लेते थे l रात के खाने के लिए अमीनाबाद में एक शाकाहारी भोजनालय में प्रबंध कर लिया l 175 रुपये में 30 टोकन l एक टोकन पर भरपेट खाना l लेकिन ये सारे टोकन महीने भर में ही इस्तेमाल के लिए वैध थे l
जारी है .....

Comments

Popular posts from this blog

  !! अरविन्द - नामा !! आओ अरविन्द केज़रीवाल को आंकते हैं ! पहले थोड़ा पीछे झांकते हैं !! ( 1 ) बात करते हैं पिछले साल की वही शुरूआती जन लोकपाल की एक नया चेहरा टी वी पर अक्सर आने लगा धीरे धीरे प्राइम टाइम पर छाने लगा कुछ तो मीडिया के बुद्धिजीवी प्रभावित कुछ टी आर पी का चक्कर बन्दा खड़ा रहा डटकर मामूली सा इंसान चौखाने की शर्ट पैंट से बाहर लटकती हुई दो सौ रुपये वाला चश्मे का फ्रेम पचास किलो का चवन्नी छाप आदमी मीडिया की तवज्जो से मठाधीश बौखला गए वो कुछ भी कहता लोग पूछते तुम कौन ? वह बोलता - आम आदमी तो ?? तो क्या तुम हमसे सवाल करोगे ? गन्दी नाली के कीड़े ( गटर स्नाइप्स ) हिम्मत है तो चुनाव लड़ो एक करोड़ तो चुनाव प्रचार में ही लगते हैं दारु शारू , दुनिया भर का ऊपर से खर्चा दस करोड़ !! है औकात तुम्हारी उसके बाद विधायक खरीदने / बचाने का पैसा अलग कुछ पता भी है तुम्हे चले आये मुह उठा कर जी हम भी चुनाव लड़ेंगे जाओ चुनाव जीतना फिर बताना ( 2 ) चुनाव जीत गए तो कौन सा तीर मार लिया पिछले तिरसठ सालों से हम ने न जाने कितने चुनाव जीते हैं कितनी सरकारें चलायीं / गिरायीं अब तुम चला...
चिल्ड्रेन्स हॉस्पिटल : कुछ नोट्स ( 2 ) " साढ़े नौ का टाइम लिखा रखा है, दस बजने वाले हैं अभी तक डॉ नहीं बैठे हैं. क्या तमाशा बना रखा है," शगुन के पापा गुस्से में रिसेप्शनिष्ट लड़की को हडकाए जा रहे हैं. भैया, आने वाले हैं बस डॉ, तब तक आप बच्चे को पानी से स्पंज करा दीजिए. सिस्टर जी बच्चे का बुखार नाप कर स्पन्जिंग करवाइए, गुनगुने पानी से. शगुन की मम्मी शगुन के माथे पर पट्टियां तो रख सकती हैं परन्तु बुखार में बच्चे को नहलाना ... न बाबा न. निमोनिया जकड़ लेगी सीने को. इनका बच्चा तो है नहीं, जो मन में आया बोल दिया. मम्मी जी धीरे धीरे भुनभुना रही हैं. चादर से और लपेट दिया बच्चे को. " डॉ साब साढ़े दस बजे आएंगे " रिसेप्शनिष्ट ने फोन रखते हुए चिल्लाकर कहा. ताकि सभी सुन ले. अभी वो बाहर गए हुए हैं. चलो कहीं और दिखा लेते हैं, डॉ तो अभी यहाँ आए नहीं. पिता जी के प्रस्ताव को माता जी ने धीरे से ठुकरा दिया, " नहीं. शगुन की दवा इन्ही डॉ की सूट करती है." मैं तो बच्चों का हॉस्पिटल हूँ, मुझे यह बात पता है कि रिसेप्शनिष्ट झूठ बोल रही है. डॉ, मेरे कैम्पस में घर पर ही ...
  सूरज बेटा सुबह सबेरे बिस्तर से जब सूरज उतरा मंजन कर फिर उसने थोड़ा कुहरा कुतरा उत्तर को चल पड़ा बदल दीं अपनी राहें धरती अम्मा ने फैला दी दोनों बाहें अम्मा बोलीं-बेटा, खिचड़ी खा कर जाना लेकिन उसके पहले तुमको पड़े नहाना सूरज भागा फिर से कर के वही बहाना मम्मा मुझको छत पर अभी पतंग उड़ाना - प्रदीप कुमार शुक्ल ( 2021 )