Skip to main content

गांव का एक लड़का ( 18 )



लिबर्टी से बाईं तर-फ चल पड़िए तो आगे चलकर दो टाकीज पाए जाते l ' जयहिंद ' और ' जयभारत ' l इन दोनों की ख़ास बात यह थी कि इनमे सिर्फ पुरानी फिल्में ही लगाई जातीं l दाम भी अपेक्षाकृत कम रहते l बताने की आवश्यकता नहीं कि मेरे पसंदीदा छविगृहों में इनका स्थान काफी ऊपर था l
अगर आप लिबर्टी से सीधे कैंट रोड पर चलते रहें तो आगे ' ओडियन ' सिनेमा दाईं तरफ था l उससे भी पहले एक नया सिनेमाघर बन गया था जिसका नाम मुझे अब याद नहीं l जाहिर है कि वहाँ के चक्कर कम ही लगे होंगे l
आगे बढ़ते हुए बर्लिंगटन चौराहा पार कर उदय गंज में बाईं तरफ मेनरोड से थोड़ा हटकर था ' अलंकार ' l अलंकार में तीन तल्ले का हाल था सबसे नीचे फर्स्ट क्लास, फिर बालकनी और सबसे ऊपर स्पेशल l सबसे नीचे वाले आसमान की तरफ मुंह उठाकर फिल्म देखते, सबसे ऊपर वाले कुँए में झाँक कर, बालकनी वाले अपनी गर्दन को ज्यादा तकलीफ नहीं देते l
साहू, मेफेयर, बसंत, नोवेल्टी, तुलसी और प्रतिभा सिनेमाघर हज़रात गंज के अतिविशिष्ट क्षेत्र में आते थे l नई फ़िल्में ज्यादातर यहीं रिलीज़ होतीं l इसी क्षेत्र में वैसे ' कैपिटल ' भी था पर उसकी प्रतिष्ठा पर धब्बे लगे हुए थे l वहाँ सुबह दस बजे का एक पांचवा शो भी चलता था l जिसमें हिन्दी / अंग्रेजी की सी ग्रेड फिल्मे दिखाई जाती l कॉलेज बंक करने वाले बच्चों के लिए ही खासकर यह शो चलता था l मॉर्निंग शो तो मेफेयर में भी चलता था पर वहाँ की फिल्मों का स्तर काफी बेहतर था l
चारबाग में ' सुदर्शन ' और आलमबाग में ' कृष्णा ' लखनऊ के सबसे घटिया सिनेमाघरों में गिने जाते थे l लखनऊ के बाहरी क्षेत्रों में ' उमराव ' ' अंजुमन ' आदि सिनेमाघरों में अपुन का जाना कुछ ज्यादा नहीं था l
पिक्चरबाजी की लत से सिनेमाई ज्ञान में तो काफी इजाफा हुआ, थोड़ी दुनियादारी की समझ भी बढी पर किताबी ज्ञान के लिए वक्त नहीं बचा l गाँव से आकर पूरे दो सालों तक मैं बस फिल्मों की दुनिया में ही विचरण करता रहा जो थोड़ा बहुत समय मिला उसे शहर को समझने उससे तालमेल बिठाने में और घासलेटी साहित्य पढने में जाया कर दिया l
छविगृहों के चक्कर लगाते - लगाते और गाँव में खेती बारी करते - करते कब दो साल गुजर गए, कुछ पता ही न चला l बारहवीं का बोर्ड आ गया l पढाई कुछ थी नहीं और सेंटर था क्रिश्चियन कॉलेज l नक़ल का कोई जुगाड़ नहीं था l इम्तेहान के पर्चों में क्या लिखा कुछ पता नहीं l
नतीजतन इंटरमीडिएट में बस घिसट कर पास हो पाया l
इस बार नंबर थे उनतालीस प्रतिशत l फिजिक्स में धक्का मारकर पास किया गया l ग्रेस मार्क्स चार l
जारी है .....

Comments

Popular posts from this blog

  !! अरविन्द - नामा !! आओ अरविन्द केज़रीवाल को आंकते हैं ! पहले थोड़ा पीछे झांकते हैं !! ( 1 ) बात करते हैं पिछले साल की वही शुरूआती जन लोकपाल की एक नया चेहरा टी वी पर अक्सर आने लगा धीरे धीरे प्राइम टाइम पर छाने लगा कुछ तो मीडिया के बुद्धिजीवी प्रभावित कुछ टी आर पी का चक्कर बन्दा खड़ा रहा डटकर मामूली सा इंसान चौखाने की शर्ट पैंट से बाहर लटकती हुई दो सौ रुपये वाला चश्मे का फ्रेम पचास किलो का चवन्नी छाप आदमी मीडिया की तवज्जो से मठाधीश बौखला गए वो कुछ भी कहता लोग पूछते तुम कौन ? वह बोलता - आम आदमी तो ?? तो क्या तुम हमसे सवाल करोगे ? गन्दी नाली के कीड़े ( गटर स्नाइप्स ) हिम्मत है तो चुनाव लड़ो एक करोड़ तो चुनाव प्रचार में ही लगते हैं दारु शारू , दुनिया भर का ऊपर से खर्चा दस करोड़ !! है औकात तुम्हारी उसके बाद विधायक खरीदने / बचाने का पैसा अलग कुछ पता भी है तुम्हे चले आये मुह उठा कर जी हम भी चुनाव लड़ेंगे जाओ चुनाव जीतना फिर बताना ( 2 ) चुनाव जीत गए तो कौन सा तीर मार लिया पिछले तिरसठ सालों से हम ने न जाने कितने चुनाव जीते हैं कितनी सरकारें चलायीं / गिरायीं अब तुम चला...
चिल्ड्रेन्स हॉस्पिटल : कुछ नोट्स ( 2 ) " साढ़े नौ का टाइम लिखा रखा है, दस बजने वाले हैं अभी तक डॉ नहीं बैठे हैं. क्या तमाशा बना रखा है," शगुन के पापा गुस्से में रिसेप्शनिष्ट लड़की को हडकाए जा रहे हैं. भैया, आने वाले हैं बस डॉ, तब तक आप बच्चे को पानी से स्पंज करा दीजिए. सिस्टर जी बच्चे का बुखार नाप कर स्पन्जिंग करवाइए, गुनगुने पानी से. शगुन की मम्मी शगुन के माथे पर पट्टियां तो रख सकती हैं परन्तु बुखार में बच्चे को नहलाना ... न बाबा न. निमोनिया जकड़ लेगी सीने को. इनका बच्चा तो है नहीं, जो मन में आया बोल दिया. मम्मी जी धीरे धीरे भुनभुना रही हैं. चादर से और लपेट दिया बच्चे को. " डॉ साब साढ़े दस बजे आएंगे " रिसेप्शनिष्ट ने फोन रखते हुए चिल्लाकर कहा. ताकि सभी सुन ले. अभी वो बाहर गए हुए हैं. चलो कहीं और दिखा लेते हैं, डॉ तो अभी यहाँ आए नहीं. पिता जी के प्रस्ताव को माता जी ने धीरे से ठुकरा दिया, " नहीं. शगुन की दवा इन्ही डॉ की सूट करती है." मैं तो बच्चों का हॉस्पिटल हूँ, मुझे यह बात पता है कि रिसेप्शनिष्ट झूठ बोल रही है. डॉ, मेरे कैम्पस में घर पर ही ...
  सूरज बेटा सुबह सबेरे बिस्तर से जब सूरज उतरा मंजन कर फिर उसने थोड़ा कुहरा कुतरा उत्तर को चल पड़ा बदल दीं अपनी राहें धरती अम्मा ने फैला दी दोनों बाहें अम्मा बोलीं-बेटा, खिचड़ी खा कर जाना लेकिन उसके पहले तुमको पड़े नहाना सूरज भागा फिर से कर के वही बहाना मम्मा मुझको छत पर अभी पतंग उड़ाना - प्रदीप कुमार शुक्ल ( 2021 )