Skip to main content

गांव का एक लड़का ( 9 )



एक बार कक्षा तीन में हमारे मरकहे पंडित जी ने यह प्रस्ताव रखा कि मुझे कक्षा पांच में कुदा दिया जाए l लेकिन मेरी घबराहट और रोने धोने को देखते हुए उन्हें अपने उत्साह और सदाशयता के विचारों की आहुति देनी पड़ी l एक बार तो मैंने गलती से कक्षा छः की गणित की पुस्तक देख ली फिर मुझे सोच - सोच कर जो रोना आया कि हे भगवान् ! मैं ये सवाल कैसे कर पाऊंगा l
पांचवी का इम्तेहान बोर्ड इक्जाम होता और पूरे साल स्कूल में यह दोहराया जाता कि कुछ पढ़ लिख लो इस बार बोर्ड है l सीधे फेल कर दिये जाओगे l इम्तेहान में ब्लैकबोर्ड पर जब सवाल लिखे जाने लगे तो समझ में आया कि ये है बोर्ड इक्जाम l खैर, पास हो गए और पास ही नहीं क्लास में टॉप भी किया l उस क्लास में जिसके बाक़ी बच्चे हाईस्कूल की परीक्षा में भी बैठने से वंचित रह गए l ज्यादातर तो पढाई और मार के डर से ही स्कूल छोड़ कर भाग खड़े हुए l कुछ को पारिवारिक गरीबी, पारिवारिक अशिक्षा आदि समस्याओं के कारण भी स्कूल छोड़ना पड़ा होगा l स्कूल छोड़ना एक बहुत स्वाभाविक प्रक्रिया थी जो आस पास हमेशा घटित होती रहती l
छठी क्लास के लिए घर से स्कूल की दूरी अब लगभग 6 किलोमीटर थी. पगडंडियाँ लम्बी हो गईं थीं और बस्ते ज्यादा वजनी l उसके रास्ते में एक छोटी नदी पड़ती थी l नदी के अब तो अवशेष ही शेष रह गए हैं l उस छोटी नदी पर उस समय कोई स्थाई या अस्थाई पुल नहीं था l अब पुल है तो पानी ही नहीं है l बरसात को छोड़कर साल के बाक़ी दिनों में तो पैंट ऊपर कर या फिर निकालकर उसे ऐसे ही पार किया जाता था, परन्तु बारिश के मौसम में चप्पू वाली नाव पर ही जा सकते थे l पिताजी बताते हैं नाव से पहले घन्नई चलती थी l घन्नई मिट्टी के कई घड़ों को बनाया जाता एक तैरता हुआ प्लेटफोर्म होता था l हर वर्ष 2- 3 महीने जब नाव की सवारी होती, बड़ा रोमांच रहता था l उन पांच वर्षों के दौरान कुल तीन बार मेरी नाव नदी में पलटी भी पर कोई हताहत या गंभीर रूप से घायल नहीं हुआ हाँ, बस्ते और किताबें भीगती रहतीं l तैरना सब को आता था l जब कभी स्कूल से छुट्टी मारने का मन करता तो नदी में किताबें भिगो कर सामूहिक रूप से घर लौट आते l पूरे सीज़न के मल्लाह स्कूली बच्चों से दस रुपये लेता, वैसे एक बार के पच्चीस पैसे l बहुत बार पैसे न जमा होने की स्थिति में वह हमें वापस भी कर देता l
मिडिल स्कूल के दाखिले के समय कोई समस्या नहीं थी l कक्षा छः में दो सेक्शन थे, सात और आठ में एक - एक l मेरा दाखिला ' क ' में हुआ l कक्षा छः ' क ' स्कूल के तीन कमरों में से एक कमरे में बैठता था l ' ख ' के लिए अलग से एक बँगला बना हुआ था l वहाँ वातावरण भी ज्यादा नैसर्गिक था l जाड़ों में ठंडी हवाएं पहाड़ का अहसास करातीं वहीं बारिश की रिमझिम फुहारें तन - मन को भिगो - भिगो देतीं l बारिश में एक समस्या थी, एक नहीं दो l पहली यह कि तेज बारिश में बड़ी बड़ी बूँदें सीधे कापियों पर गिर कर जहां तहां देशों के नक़्शे बना देतीं, जिसकी गणित या विज्ञान की कॉपियों में कोई ख़ास जरूरत नहीं थी l दूसरी समस्या ज्यादा गंभीर थी कि कभी - कभी बगल के जंगल से सांप देवता भी पढने के लिए क्लास में जबरदस्ती घुस आते और बच्चों को उनके सम्मान में क्लास खाली करना पड़ता l ये अलग बात है कि गुरूजी उस समय अंग्रेजी पढ़ाने की जगह शारीरिक शिक्षा का अध्याय पढ़ाते हुए दौड़ लगा रहे होते l
मरकहे पंडित जी ने यहाँ भी पीछा नहीं छोड़ा था, बस नाम बदल गया था l बेशरम के डंडों की जगह बोगेनवेलिया की पतली लचकदार डंडियों ने ले ली थी l लात घूंसे थप्पड़ सब यथावत थे बल्कि ज्यादा ताकत से प्रहारित होने लगे l ऐसा नहीं था कि सभी बहुत बेरहम होकर मारते थे l एक बार तो संस्कृत के गुरूजी ने मुझे केवल चार थप्पड़ मारकर वापस अपनी सीट पर भेज दिया l मेरा कुकृत्य यह था कि मैं बगल वाले बच्चे की पुस्तक में सही पेज न. खोजने की कोशिश कर रहा था ताकि अपनी पुस्तक भी खोल सकूं l मास्साब की दृष्टि मेरे घबराए चेहरे को ताड़ गई और फिर उन्हें ईनाम स्वरूप थप्पड़ बरसाने पड़े l
स्कूल आने पर अब जेब में पंजी - दस्सी की जगह चवन्नी - अठन्नी रहने लगी l स्कूल एक गाँव नुमा कस्बे में होने के कारण कुछ न कुछ सामान भी रोज ले ही जाना होता l वहाँ भी कुछ पैसे बचने की संभावना बनी रहती l जब हम स्कूल से लौटते तो हमारे पास अक्सर दो झोले होते l एक में हमारी पुस्तकें - पुस्तिकाएं बेतरतीबी से खुंसी रहतीं और दूसरे में नाना प्रकार के घरेलू सामान l कुछ सामान झोले में भी नहीं रखे जा सकते थे, मसलन लालटेन का शीशा l जिसे हम रस्सी में लटकाकर बड़ी एहतियात से घर तक लाते l कोई बड़ी दुर्घटना हो जाए तो अलग बात होती नहीं तो शीशा फूटने का मतलब जोरदार पिटाई l जब कभी यह नौबत आई तो हमने उसे बड़ी दुर्घटना का ही रूप दिया और काफी बार सफल भी रहे l
टिफिन टाईम में टिफिन तो अब भी नहीं था l वही चार पराठे और नमक था रूमाल में बंधा हुआ l सस्ते प्लास्टिक के टिफिन में यदि गरम पराठे रख भी लिए जाते तो वह अजीब से बदबू करते थे l सो, टिफिन से हम दूर ही रहे l हाँ खाने का स्वाद जरूर बढ़ जाता जब चवन्नी कि चाट मिल जाती, पराठों के साथ l जगदीश की मटर का स्वाद इतना स्वादिष्ट होता कि सोच कर अभी भी मुह में पानी आ गया l बड़े से तवे पर वह देर तक मटर भूनता फिर थोड़ी पापडी तोड़ कर डालता मसाले और नीम्बू के साथ एक दोने में परोसता l उस स्वाद का कोई जवाब अभी तक तो नहीं मिला l अब बेचारा जगदीश भी इस दुनिया में नहीं है l उसकी बहुत सारी चवन्नियां मुझ पर उधार ही रह गईं l बहुत बाद में मैंने उसे याद दिलाकर उधार चुकता करने की कोशिश की पर उसने ऐसा करने से इनकार कर दिया l
जारी है ......

Comments

Popular posts from this blog

  !! अरविन्द - नामा !! आओ अरविन्द केज़रीवाल को आंकते हैं ! पहले थोड़ा पीछे झांकते हैं !! ( 1 ) बात करते हैं पिछले साल की वही शुरूआती जन लोकपाल की एक नया चेहरा टी वी पर अक्सर आने लगा धीरे धीरे प्राइम टाइम पर छाने लगा कुछ तो मीडिया के बुद्धिजीवी प्रभावित कुछ टी आर पी का चक्कर बन्दा खड़ा रहा डटकर मामूली सा इंसान चौखाने की शर्ट पैंट से बाहर लटकती हुई दो सौ रुपये वाला चश्मे का फ्रेम पचास किलो का चवन्नी छाप आदमी मीडिया की तवज्जो से मठाधीश बौखला गए वो कुछ भी कहता लोग पूछते तुम कौन ? वह बोलता - आम आदमी तो ?? तो क्या तुम हमसे सवाल करोगे ? गन्दी नाली के कीड़े ( गटर स्नाइप्स ) हिम्मत है तो चुनाव लड़ो एक करोड़ तो चुनाव प्रचार में ही लगते हैं दारु शारू , दुनिया भर का ऊपर से खर्चा दस करोड़ !! है औकात तुम्हारी उसके बाद विधायक खरीदने / बचाने का पैसा अलग कुछ पता भी है तुम्हे चले आये मुह उठा कर जी हम भी चुनाव लड़ेंगे जाओ चुनाव जीतना फिर बताना ( 2 ) चुनाव जीत गए तो कौन सा तीर मार लिया पिछले तिरसठ सालों से हम ने न जाने कितने चुनाव जीते हैं कितनी सरकारें चलायीं / गिरायीं अब तुम चला...
चिल्ड्रेन्स हॉस्पिटल : कुछ नोट्स ( 2 ) " साढ़े नौ का टाइम लिखा रखा है, दस बजने वाले हैं अभी तक डॉ नहीं बैठे हैं. क्या तमाशा बना रखा है," शगुन के पापा गुस्से में रिसेप्शनिष्ट लड़की को हडकाए जा रहे हैं. भैया, आने वाले हैं बस डॉ, तब तक आप बच्चे को पानी से स्पंज करा दीजिए. सिस्टर जी बच्चे का बुखार नाप कर स्पन्जिंग करवाइए, गुनगुने पानी से. शगुन की मम्मी शगुन के माथे पर पट्टियां तो रख सकती हैं परन्तु बुखार में बच्चे को नहलाना ... न बाबा न. निमोनिया जकड़ लेगी सीने को. इनका बच्चा तो है नहीं, जो मन में आया बोल दिया. मम्मी जी धीरे धीरे भुनभुना रही हैं. चादर से और लपेट दिया बच्चे को. " डॉ साब साढ़े दस बजे आएंगे " रिसेप्शनिष्ट ने फोन रखते हुए चिल्लाकर कहा. ताकि सभी सुन ले. अभी वो बाहर गए हुए हैं. चलो कहीं और दिखा लेते हैं, डॉ तो अभी यहाँ आए नहीं. पिता जी के प्रस्ताव को माता जी ने धीरे से ठुकरा दिया, " नहीं. शगुन की दवा इन्ही डॉ की सूट करती है." मैं तो बच्चों का हॉस्पिटल हूँ, मुझे यह बात पता है कि रिसेप्शनिष्ट झूठ बोल रही है. डॉ, मेरे कैम्पस में घर पर ही ...
  सूरज बेटा सुबह सबेरे बिस्तर से जब सूरज उतरा मंजन कर फिर उसने थोड़ा कुहरा कुतरा उत्तर को चल पड़ा बदल दीं अपनी राहें धरती अम्मा ने फैला दी दोनों बाहें अम्मा बोलीं-बेटा, खिचड़ी खा कर जाना लेकिन उसके पहले तुमको पड़े नहाना सूरज भागा फिर से कर के वही बहाना मम्मा मुझको छत पर अभी पतंग उड़ाना - प्रदीप कुमार शुक्ल ( 2021 )