Skip to main content

गांव का एक लड़का ( 7 )



मजे की बात यह थी कि खेती किसानी की इस भीषण मारामारी में भी खेलने का वक्त गाँव के सारे लड़कों के पास होता l उसमे कोई कमी नहीं होती l कमी थी तो बस पढाई में l जब छोटे थे तो छुपम छुपाई, लट्टू नचाते, कंचे खेलते थे l थोड़ा बड़े हुए तो गुल्ली डंडा, कबड्डी, गेंदताड़ी, तैराकी, टुक्का l फुटबाल, वोलीबाल, क्रिकेट आदि खेल किताबों में ही पढ़ते l क्रिकेट कमेंट्री भी किसी को समझ नहीं आती थी l क्रिकेट का पीछा करना तो बहुत बाद में शुरू किया, शायद तिरासी वर्ल्ड कप के बाद l

शाम को हम सब बस शगुन करने के लिए ढिबरी या लालटेन जला कर पढ़ाई करते l अन्धेरा होते ही कान दरवाजे पर लग जाते l बाहर पिता जी की साईकिल जैसे ही खड़कती, हम सब भाई बहन जल्दी - जल्दी अपनी किताबें ले कर बैठ जाते l किताबें दूर हुईं तो लालटेन उठाकर उसका शीशा साफ़ करने लगते l बाबा पूरे दिन की गाथा बताते, माहौल जब शांत हो जाता तो थोड़ी ही देर में नींद और बस हो गई पढ़ाई l

हाँ नींद से पहले बाबा के साथ किस्सों कहानियों का दौर तो लगभग रोज ही होता था l किस्से उनके तभी शुरू होते थे जब हम बच्चे उनके चारों हाँथ पैर दबा रहे होते थे l हम लाख कहें बाबा शुरू करो पर वह तब तक शुरू नहीं होते जब तक उनके चारों हाथ पैर हम लोग पकड़ न लें l शर्त यह भी होती कि सारे लोग हुँकारी भरेंगे नहीं तो वहीं पर किस्सा बंद l गज़ब के किस्सागो थे बाबा l कहानी कहते कहते पूरे जोश में बैठ जाते थे l कभी मूंछ पर ताव देते, कभी बड़ी - बड़ी आँखें निकाल कर किस्से को जीवंत कर देते थे l किस्से कहानियां हम सुन नहीं साक्षात देख रहे होते l रोज किस्सा शुरू करने से पहले पूंछते - आपबीती सुनाऊँ कि जगबीती? उनकी आपबीती भी खूब रोमांचक होती l रामायण, महाभारत से लेकर शेखचिल्ली तक के किस्से पूरी तन्मयता और नाटकीयता से सुनाते थे l जब तक मैं गाँव में रहा मेरी पहली और आखिरी पाठशाला वही थे l पढने का भी उन्हें बेहद शौक था l जिस दिन हमारी हिंदी और इतिहास की नई किताब घर में आती थी, बाबा उसे चारपाई पर लेटे हुए पढ़ रहे होते, सारे काम छोड़ कर l हमारे कोर्स की ये किताबें हमेशा हम सब से पहले बाबा ही पढ़ते l प्रेमचंद के बहुत बड़े प्रशंसक थे बाबा l मन्त्र कहानी पढ़ कर कहते कि यार यह आदमी कहानी में हर जगह मौजूद रहता है, क्या भगत क्या डॉ. चड्ढा, सबका जैसे आँखों देखा हाल सुना रहा हो l

समाचार पत्र, पत्रिकाएँ कभी घर पर नहीं आईं. हाँ कभी पुराना अखबार, या लिफ़ाफ़े का अखबारी टुकड़ा जब भी दिख जाता, बाबा उसे पढ़ रहे होते l यह आदत मुझमे भी थी और दादा जी इसीलिए मुझसे कुछ ज्यादा करीब थे l आठ वर्ष की उम्र में मुझे उन्होंने बहुत सारे श्लोक और रामचरित मानस का पूरा सुन्दर काण्ड याद करवा दिया था. हमसे कहते कि तुम आगे चलकर व्याकरण पढ़ना l व्याकरण का उनका मतलब संस्कृत भाषा से था l लेकिन मुझे तो विज्ञान ही पढ़ना था l

पिताजी कोर्स की किताबों के अलावा कोई भी किताब देख कर भड़क जाते, रामायण ( रामचरित मानस ) को छोड़कर, कहते कि ये लैला मँजनू की किताबें पढ़ रहे हो, तुम्हारा कुछ नहीं होने वाला l टेलिविज़न का ज़माना था नहीं, रेडियो पर फिल्मी गाने सुनना अश्लील समझा जाता l कोर्स की किताबें अध्यापकों की कृपा से इतनी नीरस लगतीं कि उन्हें पढने का मन नहीं करता l नतीजा यह हुआ कि ज्ञान और जिज्ञासा की सारी खिड़कियाँ बंद रहीं, जब इनकी सबसे ज्यादा जरूरत थी l इस पर भी मैंने गाँव में उपलब्ध साहित्य पढ़ा, चोरी छुपे l आल्हा की पतली किताबें जिनमे ऊपर किसी पहलवान की लँगोट में तस्वीर होती l माड़ौ गढ़ की लड़ाई, बेला का ब्याह से लेकर लैला मँजनू की नौटंकी और सुल्ताना डाकू तक जो मिला सब पढ़ गए l कभी - कभी फूफा - जीजा सुरेन्द्र मोहन पाठक या रानू को ले आये तो वह उनके जाने से पहले ख़त्म कर देते l उसी दौरान मनोहर कहानियां, सत्य कथाएं, सरिता आदि के भी कुछ अंक पढ़े l

उस समय गाँव में हर महीने किसी न किसी घर में अखण्ड रामायण ( रामचरित मानस ) का पाठ होता l पाठ करने वालों की टोली में मैं सबसे कम उम्र वाचक होता, खूब सराहना भी मिलती l रात - रात भर जाग कर रामायण पढने का नशा था मुझ पर, घर से भी इसके लिए छूट रहती l

जारी है ......

Comments

Popular posts from this blog

  !! अरविन्द - नामा !! आओ अरविन्द केज़रीवाल को आंकते हैं ! पहले थोड़ा पीछे झांकते हैं !! ( 1 ) बात करते हैं पिछले साल की वही शुरूआती जन लोकपाल की एक नया चेहरा टी वी पर अक्सर आने लगा धीरे धीरे प्राइम टाइम पर छाने लगा कुछ तो मीडिया के बुद्धिजीवी प्रभावित कुछ टी आर पी का चक्कर बन्दा खड़ा रहा डटकर मामूली सा इंसान चौखाने की शर्ट पैंट से बाहर लटकती हुई दो सौ रुपये वाला चश्मे का फ्रेम पचास किलो का चवन्नी छाप आदमी मीडिया की तवज्जो से मठाधीश बौखला गए वो कुछ भी कहता लोग पूछते तुम कौन ? वह बोलता - आम आदमी तो ?? तो क्या तुम हमसे सवाल करोगे ? गन्दी नाली के कीड़े ( गटर स्नाइप्स ) हिम्मत है तो चुनाव लड़ो एक करोड़ तो चुनाव प्रचार में ही लगते हैं दारु शारू , दुनिया भर का ऊपर से खर्चा दस करोड़ !! है औकात तुम्हारी उसके बाद विधायक खरीदने / बचाने का पैसा अलग कुछ पता भी है तुम्हे चले आये मुह उठा कर जी हम भी चुनाव लड़ेंगे जाओ चुनाव जीतना फिर बताना ( 2 ) चुनाव जीत गए तो कौन सा तीर मार लिया पिछले तिरसठ सालों से हम ने न जाने कितने चुनाव जीते हैं कितनी सरकारें चलायीं / गिरायीं अब तुम चला...
चिल्ड्रेन्स हॉस्पिटल : कुछ नोट्स ( 2 ) " साढ़े नौ का टाइम लिखा रखा है, दस बजने वाले हैं अभी तक डॉ नहीं बैठे हैं. क्या तमाशा बना रखा है," शगुन के पापा गुस्से में रिसेप्शनिष्ट लड़की को हडकाए जा रहे हैं. भैया, आने वाले हैं बस डॉ, तब तक आप बच्चे को पानी से स्पंज करा दीजिए. सिस्टर जी बच्चे का बुखार नाप कर स्पन्जिंग करवाइए, गुनगुने पानी से. शगुन की मम्मी शगुन के माथे पर पट्टियां तो रख सकती हैं परन्तु बुखार में बच्चे को नहलाना ... न बाबा न. निमोनिया जकड़ लेगी सीने को. इनका बच्चा तो है नहीं, जो मन में आया बोल दिया. मम्मी जी धीरे धीरे भुनभुना रही हैं. चादर से और लपेट दिया बच्चे को. " डॉ साब साढ़े दस बजे आएंगे " रिसेप्शनिष्ट ने फोन रखते हुए चिल्लाकर कहा. ताकि सभी सुन ले. अभी वो बाहर गए हुए हैं. चलो कहीं और दिखा लेते हैं, डॉ तो अभी यहाँ आए नहीं. पिता जी के प्रस्ताव को माता जी ने धीरे से ठुकरा दिया, " नहीं. शगुन की दवा इन्ही डॉ की सूट करती है." मैं तो बच्चों का हॉस्पिटल हूँ, मुझे यह बात पता है कि रिसेप्शनिष्ट झूठ बोल रही है. डॉ, मेरे कैम्पस में घर पर ही ...
  सूरज बेटा सुबह सबेरे बिस्तर से जब सूरज उतरा मंजन कर फिर उसने थोड़ा कुहरा कुतरा उत्तर को चल पड़ा बदल दीं अपनी राहें धरती अम्मा ने फैला दी दोनों बाहें अम्मा बोलीं-बेटा, खिचड़ी खा कर जाना लेकिन उसके पहले तुमको पड़े नहाना सूरज भागा फिर से कर के वही बहाना मम्मा मुझको छत पर अभी पतंग उड़ाना - प्रदीप कुमार शुक्ल ( 2021 )