Skip to main content

चिल्ड्रेन्स हॉस्पिटल : कुछ नोट्स ( 6 )



" इस बेटे से बड़ी बेटियाँ हैं न आपके?" काफी देर से श्लोक की मम्मी को सुन रहे डॉ ने कुछ सोचते हुए पूछा.
जी, दो हैं
हूँ, तभी. मैं समझ गया
हैरान परेशान श्लोक की माँ की समझ में लेकिन कुछ नहीं आया. पिछले आधे घंटे से वह अनवरत बोले जारी हैं.
" डॉ साहेब पिछले साल भर से बीमार है मेरा बेटा. अरे, साल भर क्या जब से पैदा हुआ है तब से लेकर घूम रही हूँ डाक्टरों के पास. बुखार चढ़ता है फिर अपने आप उतर जाता है. कभी कभी टट्टियाँ शुरू हो जाती हैं, कभी खांसी. इतना सा दूध पीता है ( खुले हाथ में चारों उँगलियों के नीचे मोड़कर अंगूठा लगाते हुए ) बस फ़ौरन उलट देता है."
तो आपने क्या इलाज किया, पर्चे हैं आपके पास?
" जी, ये हैं ना." श्लोक की मम्मी ने पर्चों का गट्ठर निकालते हुए दिखाया.
" अरे! यह टीबी की दवा क्यों दे रही हैं आप? किसने दिया?" लगभग चिल्लाते हुए डॉ ने पूछा.
" हमको डॉ ने नहीं बताया कि टीबी की दवा है इनमे. हमें तो जो डॉ ने बताया वही दे रहे हैं." मम्मी लगभग रोती हुई आवाज में बोलीं.
" जब आपका बच्चा आपको इतना बीमार लग रहा था तो आपको बच्चों के डॉ को दिखाना चाहिए था." पर्चे पर छपी बीडीएस की डिग्री देखकर बड़बड़ाते हुए डॉ की आवाज़ में तल्खी साफ़ झलक रही है.
" बच्चों के डॉ को ही तो दिखा रही थी अब तक. प्रतापगढ़ में." श्लोक की मम्मी की आवाज़ में भी थोड़ी तुर्शी है.
" आप कितना पढ़ी हैं?" डॉ ने अपना स्वर मुलायम करते हुए पूछा.
" जी, एम ए किया है." श्लोक की मम्मी ने उसी सहजता से जवाब दिया.
" देखिए, आप तो इतना पढ़ी लिखी हैं, फिर तो आपको डॉ की डिग्री देखनी चाहिए थी." डॉ ने समझाते हुए कहा.
" अरे, सर ये बच्चों के डॉ ही हैं, पर्चे पर जो नाम छपा है वह इनकी क्लीनिक में ही बैठते हैं. सरकारी डॉ हैं तो अपना नाम पर्चे पर नहीं लिखते." अब झेंपने की बारी डॉ की है.
झेंप मिटाते हुए डॉ ने कहा, " तब तो और खराब बात है. बच्चों के डॉ को टीबी की दवाएं, वह भी आधी अधूरी, बिना ठीक से जांच कराए नहीं लिखनी चाहिए." अब आप जब भी उन डॉ के पास जाईए तो यही बात कह दीजिएगा, जो मैंने कहा है. बात करना चाहें तो मेरा नंबर भी दे दीजिएगा.
" अच्छा खैर, पहले तो आप यह समझ लीजिए कि यदि हम आपकी सारी बातें अक्षरशः मान लें कि आपके बच्चे को एक साल से लगातार बुखार चढ़ उतर रहा है और जो भी दूध पीता है, सब उलट देता है तो आपके बच्चे का वजन दो साल पर छः किलो हो जाना चाहिए था. आपके बच्चे का आज का वजन है चौदह किलो तीन सौ ग्राम." डॉ ने क्लिनिक में ऊधम मचाते हुए बच्चे के सर पर हाथ फेरते हुए कहा.
हां, यही बात तो सारे डॉ कहते हैं. लेकिन मेरे बच्चे को बुखार होता रहता है. पूरा मत्था गरम हो जाता है, हथेलियाँ और पंजे भी. मैं सच कह कह रही हूँ, डॉ.
सबसे पहला काम तो यह कीजिए कि आप अपने बेटे को बेटियों की तरह ही पालिए. आपकी बेटियाँ कितना बीमार होती हैं?
वो तो डॉ साब बीमार ही नहीं होतीं.
हूँ. बीमार तो आपका बेटा भी नहीं है, पर आपके प्यार के चलते आप उसका बहुत नुकसान कर रही हैं.
आपने कभी बच्चे का बुखार नपवाया है?
नहीं
तो सारी दवाएं बंद कीजिए. केवल एक काम करिए. एक थर्मामीटर खरीदिए, तापमान लेना सीख लीजिए और छः छः घंटे का तापमान नाप कर डायरी में लिखिए. बस लिखते रहिए, बुखार हो चाहे न हो.
और दवा?
दवा कोई नहीं. पहले हम समझ तो लें कि दवा किस चीज कि लिखनी है. हाँ बुखार अगर थर्मामीटर बताए निन्यानबे से ज्यादा बगले में, तो जितनी मात्रा में बुखार की दवा लिख रहे हैं दे सकती हैं, बस.
श्लोक की मम्मी के चेहरे पर असंतुष्टि के भाव साफ़ पढ़े जा सकते हैं. श्लोक भाई पूरे क्लीनिक को सर पर उठाए घूम रहे हैं.
" देखिए, अगर आपको लगता है कि डॉ साहब समझ नहीं पा रहे हैं तो आप अपनी फीस वापस ले लीजिए और किसी दूसरे डॉ को दिखाइए." डॉ ने वार्तालाप समाप्त करते हुए अगले मरीज के लिए घंटी बजा दी है.
चैंबर से बाहर निकलती हुई साथ वाली महिला, जिसने श्लोक को लखनऊ दिखाने के लिए बुलाया था, जो अब तक बिलकुल चुप थी, अब श्लोक कि मम्मी को समझा रही है. " ये डॉ थोड़ा तीखा बोलता है पर ठीक बात कह रहा है. हम अपने बच्चों का इलाज इन्ही से कराते हैं. जैसे बता रहे हैं वैसा कर के देखो नहीं तो फिर जैसा तुम ठीक समझो."
श्लोक की मम्मी बुखार नापना सीख रही हैं. देखिए आगे क्या होता है.
- प्रदीप शुक्ल
( क्रमशः )

Comments

Popular posts from this blog

  !! अरविन्द - नामा !! आओ अरविन्द केज़रीवाल को आंकते हैं ! पहले थोड़ा पीछे झांकते हैं !! ( 1 ) बात करते हैं पिछले साल की वही शुरूआती जन लोकपाल की एक नया चेहरा टी वी पर अक्सर आने लगा धीरे धीरे प्राइम टाइम पर छाने लगा कुछ तो मीडिया के बुद्धिजीवी प्रभावित कुछ टी आर पी का चक्कर बन्दा खड़ा रहा डटकर मामूली सा इंसान चौखाने की शर्ट पैंट से बाहर लटकती हुई दो सौ रुपये वाला चश्मे का फ्रेम पचास किलो का चवन्नी छाप आदमी मीडिया की तवज्जो से मठाधीश बौखला गए वो कुछ भी कहता लोग पूछते तुम कौन ? वह बोलता - आम आदमी तो ?? तो क्या तुम हमसे सवाल करोगे ? गन्दी नाली के कीड़े ( गटर स्नाइप्स ) हिम्मत है तो चुनाव लड़ो एक करोड़ तो चुनाव प्रचार में ही लगते हैं दारु शारू , दुनिया भर का ऊपर से खर्चा दस करोड़ !! है औकात तुम्हारी उसके बाद विधायक खरीदने / बचाने का पैसा अलग कुछ पता भी है तुम्हे चले आये मुह उठा कर जी हम भी चुनाव लड़ेंगे जाओ चुनाव जीतना फिर बताना ( 2 ) चुनाव जीत गए तो कौन सा तीर मार लिया पिछले तिरसठ सालों से हम ने न जाने कितने चुनाव जीते हैं कितनी सरकारें चलायीं / गिरायीं अब तुम चला...
चिल्ड्रेन्स हॉस्पिटल : कुछ नोट्स ( 2 ) " साढ़े नौ का टाइम लिखा रखा है, दस बजने वाले हैं अभी तक डॉ नहीं बैठे हैं. क्या तमाशा बना रखा है," शगुन के पापा गुस्से में रिसेप्शनिष्ट लड़की को हडकाए जा रहे हैं. भैया, आने वाले हैं बस डॉ, तब तक आप बच्चे को पानी से स्पंज करा दीजिए. सिस्टर जी बच्चे का बुखार नाप कर स्पन्जिंग करवाइए, गुनगुने पानी से. शगुन की मम्मी शगुन के माथे पर पट्टियां तो रख सकती हैं परन्तु बुखार में बच्चे को नहलाना ... न बाबा न. निमोनिया जकड़ लेगी सीने को. इनका बच्चा तो है नहीं, जो मन में आया बोल दिया. मम्मी जी धीरे धीरे भुनभुना रही हैं. चादर से और लपेट दिया बच्चे को. " डॉ साब साढ़े दस बजे आएंगे " रिसेप्शनिष्ट ने फोन रखते हुए चिल्लाकर कहा. ताकि सभी सुन ले. अभी वो बाहर गए हुए हैं. चलो कहीं और दिखा लेते हैं, डॉ तो अभी यहाँ आए नहीं. पिता जी के प्रस्ताव को माता जी ने धीरे से ठुकरा दिया, " नहीं. शगुन की दवा इन्ही डॉ की सूट करती है." मैं तो बच्चों का हॉस्पिटल हूँ, मुझे यह बात पता है कि रिसेप्शनिष्ट झूठ बोल रही है. डॉ, मेरे कैम्पस में घर पर ही ...
  सूरज बेटा सुबह सबेरे बिस्तर से जब सूरज उतरा मंजन कर फिर उसने थोड़ा कुहरा कुतरा उत्तर को चल पड़ा बदल दीं अपनी राहें धरती अम्मा ने फैला दी दोनों बाहें अम्मा बोलीं-बेटा, खिचड़ी खा कर जाना लेकिन उसके पहले तुमको पड़े नहाना सूरज भागा फिर से कर के वही बहाना मम्मा मुझको छत पर अभी पतंग उड़ाना - प्रदीप कुमार शुक्ल ( 2021 )