Skip to main content

चिल्ड्रेन्स हॉस्पिटल : कुछ नोट्स ( 3 )



       " जब बित्ता भरे का रहै, तब तो जिया लीन्हे रहौ, अब तुम जल्दी ते ठीक करौ यहिका " महिला ने रोते हुए डॉ से कुछ इस तरह बित्ता दिखाते हुए कहा कि डॉ कि हँसी छूट पड़ी. नकली गुस्सा दिखाते हुए डॉ ने कहा, " तुम अगर इसी तरह रोती चिल्लाती रहोगी तो तुम्हे मेडिकल कॉलेज भेजना पडेगा. इस तरह तुम्हारे बच्चे का इलाज मैं नहीं कर पाऊंगा." " अच्छा ठीक है अब न रोईबे हम " आंसू पोछते हुए महिला बोली.

       अभी दो दिन पहले तेज बुखार में बिक्कू झटके आने पर दुबारा भरती हुआ है हमारे यहाँ. वाकई ये बच्चा बहुत छोटा था जब पहली बार यहाँ भरती होने आया था, मात्र 900 ग्राम का. तब बिक्कू का नाम बेबी ऑफ़ रश्मि हुआ करता था. बिक्कू कि मम्मी तब भी बहुत परेशान रहती थी बिक्कू को लेकर. एक तो करेला दूजा नीम चढ़ा वाली कहावत चरितार्थ करते हुए बिक्कू एक तो समय से काफी पहले इस दुनिया में आ गए, साथ ही दिल में एक छोटा सा छेद भी बना रखा है, जिसकी उसे जरूरत नहीं है. आशा और निराशा में झूलते हुए मम्मी ने पूरे पंद्रह दिन हमारे यहाँ काटे थे. काटना ही कहेंगे, लोग यहाँ दिन गुजारने तो नहीं ही आते हैं. पूरे दिन में कई - कई बार हंसती और रोती थी मम्मी. जाते समय हॉस्पिटल बिल को लेकर बहुत दुखी थे बिक्कू के मम्मी और पापा.

     अभी बिक्कू जी ग्यारह महीने के हो गए हैं और वजन है सात किलो दो सौ ग्राम. आज बिक्कू के डिस्चार्ज के समय बिक्कू कि मम्मी ने फिर आँखों में आंसू भर कर कहा, " अगली ( पिछली ) बार तो तुम काफी छोडि दीन्ह्यो रहै डाक्टर, अबकी हम ना कहिबे." उसने याद दिलाया कि पिछली बार NICU में पंद्रह दिन का बिल 55000 रु था जिसमे 15000 रु छोड़ दिए गए थे.
     " इनका पांच दिन का बिल दवाओं सहित 8167 रु है. जिसमे 8000 रु जमा कर दिए हैं इन्होने " रिसेप्शन की लड़की ने बिल दिखाते हुए कहा.
     बिक्कू अपने पापा कि गोदी में बैठा हुआ मुस्कुरा रहा है. बिक्कू कि मम्मी का संकेत है कि 167 रु छोड़ दिए जायं. डॉ ने पापा की ओर देखते हुए पूछा, क्या काम करते हो तुम? पेट्रोल पम्प पर काम करता हूँ सर. लड़की के हाथ से बिल लेकर उसमे 676 रु घटाते हुए डॉ ने कहा, " ठीक है दो दिन बाद दिखा लेना." रिसेप्शन कि लड़की ने जल्दी से कहा अरे सर! 8000 जमा हो चुके हैं, पहले ही.
    " तो क्या हुआ, 500 रु वापस करो इसे." डॉ ने घूरते हुए कहा. सर," अगली दफा अईबे तो लई अईबे " बिक्कू कि मम्मी ने कुछ अचकचाते हुए कहा. " क्यों, इस बार तुम्हारे पास ज्यादा पैसे हैं क्या? और हाँ पीजीआई में दिल की जांच जरूर करवा लेना फिर से, तभी आना मेरे पास." डॉ ने अगले मरीज के लिए घंटी बजाते हुए कहा.
    बिक्कू कि मम्मी आंसू पोंछती, हंसती, बिक्कू को दुलराती हुई, चैंबर से बाहर जा रही है.
    हर बार इस तरह की ही हैप्पी इंडिंग नहीं होती है हमारे यहाँ. डॉ के चैंबर से निकलने के बाद लोग कैसी कैसी तो बातें करते हैं. मैं तो अस्पताल हूँ मुझे तो सब सुनना पड़ता है. कभी मेरे नाम को गालियाँ कभी डॉ के नाम को. पर सुकून कि बात यह है कि गाली देने वालों कि संख्या बहुत कम रहती है. तभी तो मैं अभी ज़िंदा हूँ, खुश हूँ, और आपको किस्से सुनाने को तैयार रहता हूँ.
   अभी के लिए इतना ही, फिर हाजिर होऊंगा कुछ और किस्से लेकर.
धन्यवाद.
- प्रदीप शुक्ल
( क्रमशः जारी )

Comments

Popular posts from this blog

  !! अरविन्द - नामा !! आओ अरविन्द केज़रीवाल को आंकते हैं ! पहले थोड़ा पीछे झांकते हैं !! ( 1 ) बात करते हैं पिछले साल की वही शुरूआती जन लोकपाल की एक नया चेहरा टी वी पर अक्सर आने लगा धीरे धीरे प्राइम टाइम पर छाने लगा कुछ तो मीडिया के बुद्धिजीवी प्रभावित कुछ टी आर पी का चक्कर बन्दा खड़ा रहा डटकर मामूली सा इंसान चौखाने की शर्ट पैंट से बाहर लटकती हुई दो सौ रुपये वाला चश्मे का फ्रेम पचास किलो का चवन्नी छाप आदमी मीडिया की तवज्जो से मठाधीश बौखला गए वो कुछ भी कहता लोग पूछते तुम कौन ? वह बोलता - आम आदमी तो ?? तो क्या तुम हमसे सवाल करोगे ? गन्दी नाली के कीड़े ( गटर स्नाइप्स ) हिम्मत है तो चुनाव लड़ो एक करोड़ तो चुनाव प्रचार में ही लगते हैं दारु शारू , दुनिया भर का ऊपर से खर्चा दस करोड़ !! है औकात तुम्हारी उसके बाद विधायक खरीदने / बचाने का पैसा अलग कुछ पता भी है तुम्हे चले आये मुह उठा कर जी हम भी चुनाव लड़ेंगे जाओ चुनाव जीतना फिर बताना ( 2 ) चुनाव जीत गए तो कौन सा तीर मार लिया पिछले तिरसठ सालों से हम ने न जाने कितने चुनाव जीते हैं कितनी सरकारें चलायीं / गिरायीं अब तुम चला...
चिल्ड्रेन्स हॉस्पिटल : कुछ नोट्स ( 2 ) " साढ़े नौ का टाइम लिखा रखा है, दस बजने वाले हैं अभी तक डॉ नहीं बैठे हैं. क्या तमाशा बना रखा है," शगुन के पापा गुस्से में रिसेप्शनिष्ट लड़की को हडकाए जा रहे हैं. भैया, आने वाले हैं बस डॉ, तब तक आप बच्चे को पानी से स्पंज करा दीजिए. सिस्टर जी बच्चे का बुखार नाप कर स्पन्जिंग करवाइए, गुनगुने पानी से. शगुन की मम्मी शगुन के माथे पर पट्टियां तो रख सकती हैं परन्तु बुखार में बच्चे को नहलाना ... न बाबा न. निमोनिया जकड़ लेगी सीने को. इनका बच्चा तो है नहीं, जो मन में आया बोल दिया. मम्मी जी धीरे धीरे भुनभुना रही हैं. चादर से और लपेट दिया बच्चे को. " डॉ साब साढ़े दस बजे आएंगे " रिसेप्शनिष्ट ने फोन रखते हुए चिल्लाकर कहा. ताकि सभी सुन ले. अभी वो बाहर गए हुए हैं. चलो कहीं और दिखा लेते हैं, डॉ तो अभी यहाँ आए नहीं. पिता जी के प्रस्ताव को माता जी ने धीरे से ठुकरा दिया, " नहीं. शगुन की दवा इन्ही डॉ की सूट करती है." मैं तो बच्चों का हॉस्पिटल हूँ, मुझे यह बात पता है कि रिसेप्शनिष्ट झूठ बोल रही है. डॉ, मेरे कैम्पस में घर पर ही ...
  सूरज बेटा सुबह सबेरे बिस्तर से जब सूरज उतरा मंजन कर फिर उसने थोड़ा कुहरा कुतरा उत्तर को चल पड़ा बदल दीं अपनी राहें धरती अम्मा ने फैला दी दोनों बाहें अम्मा बोलीं-बेटा, खिचड़ी खा कर जाना लेकिन उसके पहले तुमको पड़े नहाना सूरज भागा फिर से कर के वही बहाना मम्मा मुझको छत पर अभी पतंग उड़ाना - प्रदीप कुमार शुक्ल ( 2021 )