Skip to main content

रिज़ल्ट स्पेशल ( संस्मरण )



          इंटरमीडिएट 39 प्रतिशत अंकों से बाकायदा कृपा पूर्वक ( ग्रेस मार्क्स ) पास करने के बाद एक बार फिर आगे की पढ़ाई मुंह बाए खड़ी हुई थी l हालांकि बारहवीं का इम्तेहान देने के तुरंत बाद पिताजी ने एलान कर दिया था कि मेरी तरफ से तुम अब स्वतंत्र हो l आगे की पढ़ाई ( अगर करना चाहो ) अपने बूते पर करो l पुराना जुमला दोहराया कि " बारह साल के बच्चे को वैद्य नहीं ढूँढना पड़ता है " तुम तो अब अठारह के होने वाले हो l
         सो, अगली भोर मोमिया में पराठे, कुंदरू की सब्जी, अम्मा का आशीष और आँखों में आँसू लेकर साइकिल लखनऊ की और दौड़ चली l हाईस्कूल थर्ड डिवीज़न पास चिमिरखे से लड़के को कोई क्या नौकरी देता पर पिताजी की बात दिल को लग गई थी और नौकरी तो करनी ही थी l अगले ढाई महीने यानी रिज़ल्ट निकलने तक कैसे गुज़रे उसकी दास्ताँ बहुत लम्बी है फिर कभी सुनाई जायेगी l अभी तो सीधे रिज़ल्ट के बाद आते हैं l
         पढ़े लिखे रिश्तेदारों और आवारा दोस्तों ने यही सलाह दी कि अभी चेत जाओ l बी ए में नाम लिखाओ जो डब्बा ढोने की नौकरी कर रहे हो तीन सौ रुपये महीने की उसमे आगे प्रबल संभावनाएं हैं l हमारे घर में प्रायः इस तरह की बातों पर किसी तरह का संवाद नहीं होता था l एक परम्परा सी थी जिसका निर्वाह मनोयोग से किया जाता था कि घर से पैसे मत मांगो, जो चाहो सो करो l
        मन में किसी तरह की दुविधा नहीं थी l बी एस सी ही करनी थी l सीपीएमटी, मेडिकल कॉलेज के बारे तो कुछ अता पता ही नहीं था l तब तक पिताजी का एलान भी समय के साथ बह गया था l जेब खर्च के लिए ट्यूशन नाम की गाय पालने का विचार हो चुका था l पर सवाल इस बात का था कि भइय्ये, 39 प्रतिशत वाले प्रखर बुद्धि धारक बालक को कौन कॉलेज दाखिला दे? कान्यकुब्ज कॉलेज से पास होकर उसी कॉलेज के डिग्री सेक्शन में जाने पर यहाँ भी मेरे लिए 10 प्रतिशत नंबरों की कृपा मौजूद थी l जा को राखे सईयाँ ....
        रो - धो कर बी एस सी में दाखिला तो हो गया पर यहाँ तो एक दूसरी ही समस्या मुंह बाए खड़ी थी l अवधी मिश्रित हिन्दी में सोचने, बोलने वाले बालक को धाराप्रवाह फिरंगी भाषा समझना और लिखना असंभव के निकट था l ( नोट किया जाय कि गांव से आने के पश्चात पूरे दो वर्षों तक बालक लखनऊ के सभी छविग्रहों में जाकर फिल्मों पर सघन शोध कर रहा था l बालक शोधकार्य लिखना शुरू करता कि इलाहाबाद बोर्ड ने इंटर परीक्षा का टाइम टेबल घोषित कर दिया था ) वर्षांत तक तो हिन्दी - अंग्रेजी का तर्जुमा ही चलता रहा l अब जब सालाना परीक्षा की स्कीम नोटिस बोर्ड पर चस्पा हो गई तो फिर हिन्दी की ही शरण में जाना उचित समझा गया l
       परीक्षाएं शुरू हुईं l अब तक हमने नक़ल नाम की चिड़िया नहीं देखी थी l यहाँ तो पूरा अजायबघर था l कोई सिटिंग अरेंजमेंट नहीं जो जिसके साथ बैठना चाहे बैठे l पर्ची बनाने की जहमत उठाने की जरूरत नहीं, एक ही सब्जेक्ट की कई राइटर्स की किताबें लाने की छूट l यहाँ पर फेल होने की संभावना तभी बनती थी जब आप किताब सामने रख कर भी सवालों में प्रयुक्त एक दो शब्दों को साधकर ईरान तूरान की कहानी लिख दें या आपकी अंग्रेजी इतनी फर्राटेदार हो कि मूल्यांकनकर्ता को उर्दू लगने लगे, या फिर आपको ईमानदारी का कीड़ा काट जाए l हमारे मामले में ये तीनों कारण बराबर - बराबर प्रतिशत में मौजूद रहे l
        जितने सवाल समझ आए उनका उत्तर मैंने देवनागरी में लिखा, बाक़ी अपनी फर्राटेदार अंग्रेजी में किताबों के फटे हुए पन्ने, जो मित्रों ने तरस खाकर दिए उनको वैसे ही छाप दिया l पृष्ठों को क्रमवार लिखने की जरूरत भी नहीं समझी l
        परिणाम आशानुरूप ही रहा l परीक्षक को लगा इस प्रखर बुद्धि बालक को इसी कॉलेज परिसर में अभी और समय व्यतीत करना चाहिए l मैं तीनों विषयों. जूलोजी, बॉटनी और केमिस्ट्री में बाकायदा अच्छे नंबरों से फेल था l जीवन में पहली बार इस तरह की हार का फल चख रहा था l अच्छा यह हुआ कि यह फल फिर कभी खाने को नहीं मिला l
- प्रदीप शुक्ल

------------------------------------------------------------------------------------------------------------------------------------------


May 28, 2017Lucknow ( फेसबुक पोस्ट )

यह पोस्ट उन बच्चों और उनके अभिभावकों के लिए है जिनका 12 वीं का रिजल्ट आज घोषित होने वाला है। अभी फेसबुक पर 95%, 97%, 98% जैसी स॔ख्यायें धड़ा धड़ अवतरित होने वाली हैं। इनको देख कर बहुत सारे बच्चे जिनके रोल नं के आगे 50, 60 या 70% जैसी स॔ख्यायें लिखी होंगी, दुखी होने वाले हैं। मै उनके लिए अपने नाम के आगे लिखी कुछ स॔ख्यायें साझा कर रहा हूॅ, शायद इनसे उनका दुख कुछ कम हो सके और कुछ लोग प्रेरित हो सकें।
हाईस्कूल - 42 %
इन्टरमीडिएट - 39 % ( 4 अंकों के ग्रेस मार्क्स फिजिक्स मे )
बी एस सी - प्रथम वर्ष - तीनों विषयों मे फेल
यूपी सीपीएमटी - 32nd रैंक ( आॅल इन्डिया पी एम टी के लिए इन्टरमीडिएट मे 50 % अंक की अनिवार्यता के कारण परीक्षा नहीं दे सके )
एम बी बी एस - के जी एम सी, लखनऊ - 60 %
यू पी पी जी एम ई ई ( एम डी एडमिशन के लिए एग्जाम ) - 9th रैंक ( UP )
ऑल इंडिया पी जी एम ई ई के लिए उस वर्ष मेरा बैच अर्ह नहीं था ( इंटर्नशिप कुछ दिन बाद पूरी हो रही थी )
एम डी ( बाल रोग - के जी एम सी, लखनऊ ) - गोल्ड मेडल
- प्रदीप शुक्ल
लखनऊ

Comments

Popular posts from this blog

  !! अरविन्द - नामा !! आओ अरविन्द केज़रीवाल को आंकते हैं ! पहले थोड़ा पीछे झांकते हैं !! ( 1 ) बात करते हैं पिछले साल की वही शुरूआती जन लोकपाल की एक नया चेहरा टी वी पर अक्सर आने लगा धीरे धीरे प्राइम टाइम पर छाने लगा कुछ तो मीडिया के बुद्धिजीवी प्रभावित कुछ टी आर पी का चक्कर बन्दा खड़ा रहा डटकर मामूली सा इंसान चौखाने की शर्ट पैंट से बाहर लटकती हुई दो सौ रुपये वाला चश्मे का फ्रेम पचास किलो का चवन्नी छाप आदमी मीडिया की तवज्जो से मठाधीश बौखला गए वो कुछ भी कहता लोग पूछते तुम कौन ? वह बोलता - आम आदमी तो ?? तो क्या तुम हमसे सवाल करोगे ? गन्दी नाली के कीड़े ( गटर स्नाइप्स ) हिम्मत है तो चुनाव लड़ो एक करोड़ तो चुनाव प्रचार में ही लगते हैं दारु शारू , दुनिया भर का ऊपर से खर्चा दस करोड़ !! है औकात तुम्हारी उसके बाद विधायक खरीदने / बचाने का पैसा अलग कुछ पता भी है तुम्हे चले आये मुह उठा कर जी हम भी चुनाव लड़ेंगे जाओ चुनाव जीतना फिर बताना ( 2 ) चुनाव जीत गए तो कौन सा तीर मार लिया पिछले तिरसठ सालों से हम ने न जाने कितने चुनाव जीते हैं कितनी सरकारें चलायीं / गिरायीं अब तुम चला...
चिल्ड्रेन्स हॉस्पिटल : कुछ नोट्स ( 2 ) " साढ़े नौ का टाइम लिखा रखा है, दस बजने वाले हैं अभी तक डॉ नहीं बैठे हैं. क्या तमाशा बना रखा है," शगुन के पापा गुस्से में रिसेप्शनिष्ट लड़की को हडकाए जा रहे हैं. भैया, आने वाले हैं बस डॉ, तब तक आप बच्चे को पानी से स्पंज करा दीजिए. सिस्टर जी बच्चे का बुखार नाप कर स्पन्जिंग करवाइए, गुनगुने पानी से. शगुन की मम्मी शगुन के माथे पर पट्टियां तो रख सकती हैं परन्तु बुखार में बच्चे को नहलाना ... न बाबा न. निमोनिया जकड़ लेगी सीने को. इनका बच्चा तो है नहीं, जो मन में आया बोल दिया. मम्मी जी धीरे धीरे भुनभुना रही हैं. चादर से और लपेट दिया बच्चे को. " डॉ साब साढ़े दस बजे आएंगे " रिसेप्शनिष्ट ने फोन रखते हुए चिल्लाकर कहा. ताकि सभी सुन ले. अभी वो बाहर गए हुए हैं. चलो कहीं और दिखा लेते हैं, डॉ तो अभी यहाँ आए नहीं. पिता जी के प्रस्ताव को माता जी ने धीरे से ठुकरा दिया, " नहीं. शगुन की दवा इन्ही डॉ की सूट करती है." मैं तो बच्चों का हॉस्पिटल हूँ, मुझे यह बात पता है कि रिसेप्शनिष्ट झूठ बोल रही है. डॉ, मेरे कैम्पस में घर पर ही ...
  सूरज बेटा सुबह सबेरे बिस्तर से जब सूरज उतरा मंजन कर फिर उसने थोड़ा कुहरा कुतरा उत्तर को चल पड़ा बदल दीं अपनी राहें धरती अम्मा ने फैला दी दोनों बाहें अम्मा बोलीं-बेटा, खिचड़ी खा कर जाना लेकिन उसके पहले तुमको पड़े नहाना सूरज भागा फिर से कर के वही बहाना मम्मा मुझको छत पर अभी पतंग उड़ाना - प्रदीप कुमार शुक्ल ( 2021 )